Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुर06:00 बजे की खास खबरें एक नजर में…

06:00 बजे की खास खबरें एक नजर में…

  • ट्रेन से कटकर युवक की मौत

जौनपुर धारा, सिरकोनी। जलालपुर क्षेत्र के सिरकोनी रेलवे स्टेशन से एक किमी दूर गुरुवार की रात को ट्रेन से कटकर एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। घटना की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी रामसरिख गौतम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी श्री गौतम ने बताया मृतक क्षेत्र के सादीपुर गांव निवासी नीरज यादव पुत्र राजेन्द्र प्रसाद यादव था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था उसका वाराणसी में उपचार चल रहा था।

  • आठ पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज

जौनपुर धारा, मछलीशहर। बिजली चेकिंग अभियान में निकली टीम ने नगर और ग्रामीण इलाकों के आठ उपभेक्ताओं पर विद्युत चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया है।

एसडीओ एसके सिंह के नेतृत्व में निकली टीम ने नगर में दो, सरायभेगी में तीन, खराड़ी और मुस्तफाबाद में तीन कुल आठ उपभेक्ताओं को कटिया लगाकर विद्युत का उपयोग करते पाया जिनमे मछलीशहर के गोविंद गुप्ता एवं योगेश कुमार, मुस्तफाबाद के दिनेश त्रिपाठी, खराड़ी के माताफेर पटेल, स्वामीनाथ श्रीवास्तव, विजय प्रताप तिवारी, रामकृपाल मौर्य, मिश्रमऊ के माताफेर यादव  के विरुद्ध अवर अभियंता अभिषेक केसरवानी ने तहरीर देकर विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीओ एसके सिंह ने बताया कि सभी ऐसे उपभेक्ताओं से अपील की गई है कि जिन्होंने अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है वे गावों में लगने वाले कैंप में अथवा आनलाइन आवेदन करके कनेक्शन ले लें।

  • दो कमरों का ताला चटकाकर लाखों की चोरी

जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत कुंवरपुर गांव में बीती रात चोर अखिलेश सरोज पुत्र गौरीशंकर सरोज के दोनों कमरों का ताला तोड़कर अन्दर घुस गये और अन्दर सन्दूक का ताला तोड़कर उसमें रखा 35000 रुपये नकद, गहने व कपड़े व चेक लेकर फरार हो गये जबकि अखिलेश सरोज सपरिवार ससुराल निमंत्रण में गये हुए थे। सुबह जब उनके यहां ट्यूशन मास्टर पढ़ाने पहुंचे तो देखा कि दोनों कमरों का ताला टूटा हुआ। उसने तुरन्त इसकी सूचना दिलीप सरोज को दी। सूचना पाकर वह परिवार सहित घर पहुंचे और चोरी की सूचना थाने पर दी। पुलिस पहुंची और छानबीन में जुट गयी। पीड़ित ने बताया कि नकदी सहित कुल लाखों की चोरी हुई है। वहीं थानाध्यक्ष के न पहुंचने पर लोगों में काफी नाराजगी है।

  • एक ही रात चोरों ने सोते समय चार मोबाइल किया पार

जौनपुर धारा, खेतासराय। जमदहां दूलीपुर गांव में चोरों ने गुरुवार की रात्रि चार लोगों की मोबाइल व पांच सौ रुपए पार कर दिया। सुबह बिस्तर से उठने पर जानकारी हुई। भुक्तभेगियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। गर्मी के इस मौसम में ग्रामीण प्राय: घर के बाहर सोते हैं। जमदहां दूलीपुर गांव के अवधेश, रेनू किरन, जयमूरत यादव और इनकी पत्नी पूनम घर के दरवाजे पर बाहर सोए थे। शुक्रवार की सुबह बिस्तर से उठे तो इनकी मोबाइल गायब मिली। अवधेश की मोबाइल कवर में पांच सौ रुपए थे। मोबाइल के साथ वह भी चोरी चला गया। इससे पहले बुधवार की रात लतीफपुर के प्रधान रमेश बिंद की जमदहां स्थित मिठाई की दुकान से इसी तरह चोरों ने मोबाइल व नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।

  • पत्नी ने कराया पति के खिलाफ मारपीट का मुकदमा

जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पत्नी द्वारा पति के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जाता है कि गुरुवार रात उक्त गांव के शैलेंद्र सिंह और उसकी पत्नी सबेरा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिसमें शैलेंद्र इतना आक्रोशित हो गया कि पत्नी समेत दोनों बच्चों को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पत्नी ने पुलिस को पति के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। बहरहाल मामले में पुलिस स्थानीय सीएचसी पर मेडिकल मुआयना कराते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • खेलकूद सामग्री का वितरण आज

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला युवा कल्याण प्रा.वि.द. अधिकारी वैभव सिंह ने अवगत कराया है कि युवा कल्याण एवं प्रा.वि.द. विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में चयनित प्रत्येक विकास खण्ड से युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल कुल (378) दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेलकूद सामाग्री का वितरण 10 जून को इन्दिरा गाँधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में पूर्वान्ह 9 बजे राज्यमन्त्री (स्वतन्त्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण उ.प्र. गिरीश चन्द्र यादव द्वारा किया जायेगा। वित्तीय वर्ष 2022-23 में चयनित मंगल दल 10 जून को पूर्वान्ह 9 बजे इन्दिरा गाँधी स्टेडियम में उपस्थित होकर अपना खेलकूद सामाग्री प्राप्त करें।

  • गैस पाइप लीक होने से छप्पर में लगी आग, मवेशी झुलसे

जौनपुर धारा, खुटहन। बनहरा गांव में शुक्रवार को भेजन बनाते समय गैस सिलेंडर से चूल्हे में लगा पाइप खुल जाने से छप्पर में आग लग गई। छप्पर में बैठी कई महिलाएं भागकर अपनी जान तो बचा ली। लेकिन बगल छप्पर में बंधी गाय और भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। मौके पर पहुंचे चिकित्सक मवेशियों का उपचार कर रहे हैं। गांव निवासी रामसकल गौतम के भतीजे की शुक्रवार को बारात जाने की तैयारी हो रही थी। महिलाएं मंगलगीत गाते हुए छप्पर में भेजन बना रहीं थीं। अचानक चूल्हे में लगा पाइप खुल गया जिससे आग की तेज लपटे उठने लगी। महिलाएं शोर मचाते हुए बाहर की तरफ भागीं। आग की ऊंची लपटें छप्पर तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों छप्पर राख में तब्दील हो गये। गाय और भैंस झुलस गई। घटना की जानकारी होते ही हमराहियों संग प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर योगेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए।

  • पत्रकार के दादा का निधन

जौनपुर धारा, केराकत। पत्रकार आनंद कुमार के दादा रामकिशुन राम का गुरुवार की देर रात निधन हो गया वे 85 वर्ष के थे। उन्हें उम्र जनित बीमारियों के कारण वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आनंद कुमार के माता पिता का बहुत पहले ही निधन हो गया था। आनन्द की परवरिश उनके दादा ने ही की थी। निधन की खबर सुनकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संरक्षक दीपनारायण सिंह, तहसील अध्यक्ष संजय शुक्ल, महामंत्री राजेश यादव, उपाध्यक्ष पंकज कुमार राय सहित अन्य साथी पत्रकारों सुरेश यादव, जय प्रकाश पाण्डेय, राम जनम पटेल, त्रिलोकी राम गुप्ता आदि अनेक लोगो ने घर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।

  • पुलिस इंस्पेक्टर की बेटी को दी गयी श्रद्धांजलि

जौनपुर धारा, थानागद्दी। शाहगंज कोतवाली प्रभारी तथा केराकत कोतवाली थाना के पूर्व प्रभारी आदेश त्यागी की बेटी के अल्प आयु में निधन हो जाने पर मु़फ्तीगंज और केराकत में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें दो मिनट का मौन रखकर मृतक आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस बड़ी विपदा को सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। मु़फ्तीगंज में हुई श्रद्धांजलि सभा में संजय शुक्ल, पंकज राय आदि ने दो मिनट का मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की जब कि केराकत में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दीपनारायण सिंह, रामशरन यादव, पप्पू सरोज, केके वर्मा, पंकज सिंह, नवीन सिंह आदि रहे। विदित हो कि पुलिस इंस्पेक्टर आदेश त्यागी की सोलह साल की बेटी गौरी का पिछले 4 जून को लीवर की बीमारी के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था।

Share Now...