― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसफलता के लिए भगीरथ प्रयास की आवश्यकता : प्रो. विभा

सफलता के लिए भगीरथ प्रयास की आवश्यकता : प्रो. विभा

  • टीडीपीजी कालेज के सात दिवसीय विशेष शिविर का तीसरा दिन

जौनपुर धारा, जौनपुर। ‘सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम से सफलता मिलती है। सफलता के लिए भगीरथ प्रयास की आवश्यकता होती है। योग्यता के अनुसार इच्छा होनी चाहिए और उसके लिए निरंतर प्रयास होना चाहिए। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने कहा है कि स्वप्न में जीवन आनंद है, जागने पर जीवन सेवा है और सेवा ही आनंद है। इसलिए हमें निरंतर सेवा के लिए अग्रसर रहना चाहिए।’ उक्त उद्गार तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विधि विभाग की प्रो. विभा त्रिपाठी ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक का अर्थ है स्वयं को सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर रखना। हमें निरंतर कार्य करते रहना चाहिए। कोई परिणाम नहीं मिले तब भी, बुरे परिणाम मिले तब भी और अच्छे परिणाम मिले तब भी। उन्होंने कहा कि किताब, किस्मत और हालात से जो सीखता है, वही आगे बढ़ता है। राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया। शिवरार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक एकीकरण एवं समावेशी विकास के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविरार्थियों को निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्हें समाज का ज्ञान होना चाहिए और समाज में जहां कमी है, उसको दूर करने का प्रयास करना चाहिए। ऐसा आचरण करना चाहिए जिसकी समाज नकल करे। शिविरार्थियों के लिए योग का भी आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक विकास यादव ने शिविरार्थियों को विभिन्न प्रकार के योग-आसनों की शिक्षा दी। उन्होंने भ्रामरी, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपाल भारती, मंडूक, उष्ट्र आदि आसनों के बारे में शिविरार्थियों को विस्तार से बताया। इसके बाद दूसरे सत्र में टीडी कॉलेज के बीएड विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर अजय दुबे ने व्यक्तित्व विकास पर व्याख्यान देते हुए कहा कि हमें एेसा आचरण करना चाहिए, जिसका कि लोग अनुकरण करें। पाजिटिव विचारों को आत्मसात करके, नेगेटिव विचारों को बाहर निकालना चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राजीव रतन सिंह सिंह ने अभ्यागतों का स्वागत किया। डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माया सिंह ने कहा कि आप अपने साथ-साथ समाज के विकास में काम आए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विपिन कुमार सिंह, डॉ. जितेश सिंह ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी एवं डॉ. हरिओम त्रिपाठी ने किया। कनिष्का मिश्र, कीर्ति मिश्र, अर्चिता दुबे, संजना कनौजिया, आकांक्षा प्रजापति, साक्षी सिंह, प्रियंका यादव, हर्ष सिंह, गौरी सिंह, हर्षिता सिंह, रवि शर्मा, आशीष जायसवाल, आनंत कुमार मौर्य सहित शिविर में 300 शिविरार्थियों ने भाग लिया।

Share Now...