जौनपुर। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोलनापुर में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक नवयुवक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अजीत चौहान पुत्र ज्ञानपति चौहान, सुबह घर से शौच के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह खुले मैदान में शौच कर रहा था, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और आकाशीय बिजली सीधे उस पर गिर गई। घटना इतनी अचानक और भीषण थी कि अजीत को संभलने का मौका तक नहीं मिला। परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में अजीत को अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। अजीत अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था, जिससे परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव के लोगों का कहना है कि अजीत एक सरल और मिलनसार स्वभाव का युवक था, जिसकी अचानक मौत से सभी स्तब्ध हैं। अस्पताल से जब अजीत का शव घर लाया गया, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं। यह घटना एक बार फिर से खुले में शौच और खराब मौसम के दौरान बाहर निकलने के खतरों की ओर ध्यान दिलाती है। प्रशासन और ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि ऐसे मौसम में विशेष सावधानी बरती जाए और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
सुजीत की मौत से पत्नी का मिटा सिंदूर, बच्चे हुए अनाथ
खुटहन। शाहपुर सानी गांव निवासी 43वर्षीय सुजीत निषाद पुत्र हौसिला पेड़ की डाल गिरने से घायल होने के बाद उपचार के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते में हुई मौत की खबर से पूरे गांव में शोक छा गया। घटना से जहां पत्नी की मांग उजड़ गई वहीं चार बच्चे अनाथ हो गए। प्रकृति के क्रूर हाथों ने बृद्ध हो चुकी मां के बुढ़ापे की लाठी छीन लिया। शुक्रवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, पूरे गांव का माहौल गमगीन हो उठा।
पांच भाइयों में सबसे बड़े सुजीत का शव घर पहुंचते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी पूनम देवी पति के शव से लिपटकर बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। उनकी करुण पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। 19 वर्षीय बेटी रागिनी और 15 वर्षीय चांदनी पिता को याद कर फूट-फूटकर रोती रहीं, जबकि 17 वर्षीय बेटा रवी और 11 वर्षीय आदित्य का भी रो-रोकर बुरा हाल था। वृद्ध मां सोनवर्षा अपने बेटे के शव को देख बिलखती रहीं। पूरे गांव में मातम पसरा रहा और हर किसी की जुबां पर एक ही बात थी— ‘अब इस परिवार का सहारा कौन बनेगा? ‘बताया जाता है कि सुजीत गुरुवार को बदलापुर क्षेत्र के बड़ेरी गांव स्थित एक बाग में पेड़ों की छंटाई कर रहे थे। तभी अचानक एक डाल उनके सिर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी बदलापुर, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बदलापुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सादे कपड़ों में पहुंची महाराष्ट्र पुलिस को ग्रामीणों ने समझा संदिग्ध, मचा हड़कंप
सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के रिठी गांव में बीती रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में पहुंचे तीन युवकों को ग्रामीणों ने संदिग्ध समझ लिया। बाद में पता चला कि वे महाराष्ट्र पुलिस के जवान थे, जो एक आरोपी की तलाश में गांव पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवधेश सिंह, जो मूल रूप से मछलीशहर के निवासी हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र में रह रहे थे, का वहां पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। इस संबंध में दर्ज एफआईआर की जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल लोकेशन के आधार पर रिठी गांव का पता चला। बताया जाता है कि महाराष्ट्र पुलिस के तीन जवान सादे कपड़ों में गांव पहुंचे और संदिग्ध घर में प्रवेश कर गए। अचानक अजनबियों को देख परिजनों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर जुट गए और तीनों को संदिग्ध समझकर मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर पास के खेतों में छिप गए और स्थानीय थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि तीनों युवक महाराष्ट्र पुलिस के जवान हैं। पुलिस के अनुसार, पहचान पत्र गाड़ी में छूट जाने के कारण गलतफहमी हुई। आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल रहा।
दहेज हत्या के मामले में 3 वांछित गिरफ्तार
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लाइनबाजार पुलिस टीम ने दहेज हत्या के मामले में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कन्हैया लाल यादव, प्यारी देवी, आरती देवी को चाँदपुर से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी में शामिल पुलिसकर्मियों में उनि.रामभरोस राम, हे.कां.योगेश चौधरी, हे.कां. उमेश यादव, म.का.रीना सिंह एवं म.का.रुपा सरकार शामिल थे। पुलिस ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने चोरी के मामलों में 2 गिरफ्तार
जौनपुर। थाना गौराबादशाहपुर पुलिस ने 20 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर सचिन कुमार उर्फ चंदन, शनि पाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का माल एवं नगद राशि बरामद की। बरामद माल में गहने, अंगूठियां, पायल, करधन, घड़ी और नगदी शामिल है। बताया गया कि अभियुक्तों के खिलाफ पहले से चोरी की घटनाओं में शिकायत दर्ज थी। गिरफ्तारी में शामिल पुलिसकर्मियों में व.उ.नि.मंशा राम गुप्ता, उ.नि.रामलाल, हे.का.शशि गौतम, और अन्य शामिल थे। पुलिस ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गोमती नदी पर पैंटून पुल निर्माण की पहल, मुख्यमंत्री को पत्र लिखा
जौनपुर। जौनपुर के सिरकोनी विकासखंड क्षेत्र में गोमती नदी पर पैंटून (पीपा) पुल के निर्माण की मांग की गई है। क्षेत्रीय विधायक जगदीश नारायण राय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राजेपुर तिमुहानी रामेश्वर घाट से विजईपुर घाट तक पुल बनाने की आवश्यकता जताई है।
विधायक ने पत्र में बताया कि यह क्षेत्र गोमती और सई नदी के संगम पर स्थित एक ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए इस स्थल पर आते हैं। विशेष रूप से देव दीपावली के अवसर पर यहां विशाल मेला लगता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। वर्तमान में नदी पार करने का एकमात्र साधन नाव ही है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई और जोखिम का सामना करना पड़ता है। रोजाना सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन तथा हजारों लोग नाव के सहारे नदी पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
विधायक ने बताया कि लगभग 50.87 लाख रुपये की लागत से पैंटून पुल का निर्माण होने से क्षेत्रीय जनता को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित हो सकेगी। उन्होंने शासन से जल्द से जल्द पुल निर्माण की स्वीकृति देने और कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का मामला, दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में एक युवती ने आरोप लगाया है कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह भी बताया कि प्रेमी के भाई ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी।
मगरेशर गांव निवासी पीड़ित युवती ने 19 मार्च 2026 की देर शाम बक्शा थाने में लिखित तहरीर दी। युवती के अनुसार, महनपुर निवासी कमलेश कुमार पुत्र स्व. रामकुमार से पिछले चार साल से उसके संबंध थे। कमलेश ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और जब उसने शादी की मांग की तो इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि 18 मार्च दोपहर को जब वह कमलेश की चाय की दुकान पर बात करने गई, तो कमलेश के भाई श्यामलाल ने उसका गला खींचकर धक्का दिया और धमकी दी कि ‘भाग जाओ नहीं तो बहुत मारेंगे। ‘थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर कमलेश कुमार और श्यामलाल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 127/2026, धारा 69, 115(2), 351(3) के तहत पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्यवाही जारी रखने की जानकारी दी है।
वार्षिकोत्सव में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चकताली में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश सिंह ने किया। विशिष्ट अतिथि अरविंद शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा सिंह ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में कचगांव के चेयरमैन फिरोज खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को 5000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। एआरपी धर्मेंद्र चौबे ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य उषा सिंह ने उपस्थित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे, जिनमें सिनीध सिंह, लक्ष्मीकांत सिंह, उदय प्रताप यादव, अवधेश यादव, प्रियंका सिंह, निरुपमा सिंह, रोली अस्थाना, पूनम राव, संतोष यादव, आशीष कुमार यादव, रूपम सिंह, प्रशिक्षु आरती, शिवानी, प्रीति, काजल शामिल थे। साथ ही ग्राम प्रधान सर्विंद यादव, रीता देवी, रेखा यादव और अनिल यादव भी उपस्थित रहे।
तिलकधारी महिला महाविद्यालय में एनएसएस विशेष शिविर का तीसरा दिन संपन्न
जौनपुर। तिलकधारी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का तीसरा दिन आज विभिन्न गतिविधियों के साथ हर्षोल्लासपूर्ण रूप से आयोजित किया गया।
शिविर सरस्वती वंदना, राष्ट्रगान और एनएसएस के लक्ष्य गीत ‘उठे समाज के लिए उठे उठेÓ से आरंभ हुआ। इसके बाद स्वयंसेविकाओं ने श्रीमती सीमा द्विवेदी, योग प्रशिक्षक (आयुष विभाग) के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया। योगाभ्यास के पश्चात स्वयंसेविकाओं ने चयनित ग्राम शिवापार में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इसके बाद ग्राम के सामुदायिक केंद्र और सचिवालय का निरीक्षण किया। शिवापार ग्राम के विभिन्न कस्बों और मलिन बस्तियों में पोस्टर, नारे और स्लोगनों के माध्यम से समाज को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। दोपहर में आयोजित बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय की डॉ. पूनम सिंह, विभागाध्यक्ष संस्कृत विभाग, मुख्य वक्ता रहीं। उन्होंने कहा ‘एनएसएस किसी व्यक्ति में सामूहिक भावना और मिल-जुलकर कार्य करने की क्षमता का विकास करता है। यह छात्राओं की प्रतिभा को निखार कर उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाता है। शिविर में सभी स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
मौसम का अचानक बदलाव, बादलों के साथ हुई बूंदाबांदी
जौनपुर। पूर्वांचल सहित जौनपुर में मौसम का रुख लगातार बदल रहा है। आधी रात के बाद से अचानक बादलों की सक्रियता बढ़ गई, जिसके बाद तेज हवा और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी और दोपहर तक बादलों की सक्रियता बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है। सुबह के समय वातावरण में बादलों और हल्की बूंदाबांदी का असर महसूस किया गया। हवाओं के बदलते रुख और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम का मिश्रित प्रभाव दिख सकता है। हालांकि पारा बढ़ा हुआ है, जिससे बादलों की गतिविधि बढ़ी है, लेकिन आर्द्रता में पर्याप्त कमी होने की वजह से भारी बारिश की संभावना कम है।


