- घटनास्थल से करीब सौ मीटर की दूर पर खड़ी थी बदमाशों की दो बाइक
जौनपुर धारा, जलालपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुसांव गांव में मौनी बाबा मंदिर के पास बुधवार की रात करीब 9 बजे वक्रांगी केन्द्र संचालक से बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए और घटनास्थल पर पहुंचकर बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी किया परंतु काफी खोजबीन के बाद भी बदमाशों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा।
कुसांव गांव निवासी अखिलेश की रायगंज बाजार में वक्रांगी केंद्र और फोटो स्टेट की दुकान है। वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद करके घर वापस जा रहा था कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया और बीस हजार रूपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। अचानक हुए हमले से वह काफी डरा हुआ था। अखिलेश ने बताया कि बदमाशों की संख्या करीब आधा दर्जन थी और सभी बदमाशों का चेहरा गमछे से ढका हुआ था जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई। बदमाशों की दो बाइक घटनास्थल से करीब सौ मीटर दूर खड़ी थी जिससे उनके बाइक का नंब्ार नहीं देख पाया और उसी बाइक से बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।



