- गेट बंद रहने से आए दिन राहगीरों को झेलनी पड़ती है समस्या
जौनपुर धारा, खेतासराय। पैंसेजर ट्रेन और मालगाड़ी निकालने के चलते रविवार को रेलवे क्रासिंग का गेट काफी देर तक बंद रहा। इस कारण दीदारगंज रोड के राहगीरों को लगभग एक घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। गेट खुलने के बाद जाम में फंसे राहगीरों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार वाराणसी अयोध्या रेल मार्ग पर आ रही सूरत छपरा एक्सप्रेस ट्रेन को खेतासराय स्टेशन पर पहुंचने से पहले दोपहर दो बजे गेट बंद कर दिया गया। ट्रेन गुजरने के बाद गेट खुलता कि जौनपुर की तरफ से गोदान एक्सप्रेस आने की सूचना पर गेट नहीं खोला गया। इस बीच पीछे से एक मालगाड़ी भी आने की सूचना स्टेशन मास्टर को मिली। 2:32 पर गोदान एक्सप्रेस को खेतासराय स्टेशन पर रोक दिया गया। पीछे से आ रही मालगाड़ी को निकाला गया। इस दौरान गेट बंद रहने से गेट के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीर वाहनों के साथ जाम में फंसे रहे। मालगाड़ी के गुजरने के बाद 2:40 पर गेट खोला गया। गेट खुलते ही बाइक सवारों की पहले निकलने के चक्कर में होड़ लग गई। क्रासिंग से जाम खत्म होने में लगभग 15 मिनट लग गया। लोगों की माने तो यह समस्या रोज राहगीरों को क्रासिंग पर झेलनी पड़ती है।



