- जन चौपाल का आयोजन आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला विकास अधिकारी ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत राजापुर प्रथम, विकासखंड मड़ियाहूं में 2 जून को दोपहर 12 बजे से जन चौपाल आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया है कि अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ ग्राम पंचायत राजापुर प्रथम, विकास खंड मड़ियाहूं में स्वयं उपस्थित रहकर ग्रामीणजनों को अपने विभाग से संबंधित योजनाओं से अवगत कराएं एवं समस्याओं का समाधान करें।
- चलती ट्रेन से गिरकर युवक घायल
जौनपुर धारा, बदलापुर। बृहस्पतिवार की दोपहर बक्शा थाना क्षेत्र के औंका गांव प्राथमिक विद्यालय स्थित रेलवे ट्रैक के पास चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुचीं प्रुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से उक्त घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुचाया जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। स्थानीय लोगों की माने तो कोटा से चलकर पटना की तरफ जा रही कोटा पटना एक्सप्रेस ट्रेन के गेट से गिरकर उक्त युवक घायल हुआ है। उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान गोपी कुमार पुत्र संजय विश्वास निवासी कमरेली थाना कटिहार जिला बिहार के रूप में किया गया। वहीं करीब तीन घंटे बाद पहुचें घायल के भाई निखिल कुमार और छोटेलाल अस्पताल पहुंचे।
- तालाब में डूबकर युवक की मौत, परिजन में कोहराम
जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के मछली गांव ग्राम पंचायत में स्थित तालाब में नहाते समय डूबने से एक युवक की मौत हो गई। अन्य साथियों द्वारा उक्त युवक को तालाब से किसी तरह बाहर निकाल कर एम्बुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए जहां डाक्टर ने जांच पड़ताल के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ऊदपुर घाटमपुर गांव निवासी गोलू अपनी रिश्तेदारी कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गाँव गया हुआ था। पास के मछली गांव में स्थित तालाब में वह नहाने गया जहां डूबकर उसकी मौत हो गई। मौत की खबर गोलू के परिजनों को लगी तो वह अस्पताल पहुंच गए। गोलू को मृत अवस्था में देखकर परिजन दहाड़ मार-मार कर रोने लगे।
- छप्पर में लगी आग, चार मवेशी झुलसे, एक की मौत
जौनपुर धारा, सिकरारा। थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव की यादव बस्ती में अज्ञात कारणों से लगी आग से छप्पर में बंधे चार मवेशी बुरी तरह झुलस गए जिसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। अगलगी से आम के फलदार पेड़ भी झुलस गए। उक्त गांव के रामदुलार यादव के घर पीछे बगीचे में बने छप्पर में उनकी एक गाय, बछिया एक भैंस, पड़िया व पड़वा बंधा था। दोपहर एक बजे उक्त छप्पर से आग की लपटें निकलते देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया जब तक लोग पहुँचते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फिर भी लोगों ने साहस जुटाकर बछिया और भैंस का सीकड़ खोल कर बचा लिया लेकिन बुरी तरह से झुलसी गाय ने दम तोड़ दिया और एक पड़िया व पड़वा बुरी तरह झुलस गए जिनका स्थानीय उपचार कराया जा रहा है। अगलगी में बगीचे में लगे फलदार कई आम के पेड़ झुलस गए। अगलगी की सूचना पाकर सपा जिला उपाध्यक्ष राजनाथ यादव, शिवजीत यादव सहित क्षेत्र के लोग पहुँच गए। गांव के आम रास्ते के किनारे छप्पर होने से लोग आशंका जता रहे है कि कोई राहगीर बीड़ी सिगरेट आदि पीकर लापरवाहीवश फेंक दिया होगा।
- अनन्या श्रीवास्तव को दी गयी श्रद्धांजलि
जौनपुर धारा, जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव के आवास पर एक शोक सभा बुधवार को आयोजित की गई जिसमें सनबीम स्कूल अयोध्या की दसवीं की छात्रा अनन्या श्रीवास्तव की निर्मम हत्या किए जाने को लेकर मोमबत्ती जलाकर सभी चित्रांश बंधुओं ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया तथा यह मांग किया कि इस घटनाक्रम से संबंधित जो भी आरोपी हैं उन्हें कठोर दंड दिया जाए साथ ही ऐसा अपराधिक कृत्य करने वाले समस्त विद्यालयों के विरुद्ध कठोर कारवाई किया जाए। शोक सभा में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय सचिव रवि श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव साधु, मनीष श्रीवास्तव विश्व प्रकाश उर्फ दीपक श्रीवास्तव, अनुपम श्रीवास्तव, नलनीश श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव आदि चित्रांश बंधु उपस्थित रहे। शोक सभा का संचालन महामंत्री सुरेश अस्थाना ने किया।



