- रचना विशेष विद्यालय में आयोजित हुआ योग शिविर
जौनपुर धारा, जौनपुर। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रचना विशेष विद्यालय के प्रांगण में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर योगाचार्य ने सभी दिव्यांग बच्चों, छात्र-छात्राओं और विद्यालय के स्टाफ को योग कराया। इस दौरान योगाचार्य सतीश चन्द्र मौर्य द्वारा योग के अनेकों गुर सिखाए और कराए गए जिनमे प्रमुख रूप से पद्मासन, बज्रआसन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ऊ ध्वनि आदि शामिल रहे। योग प्रशिक्षक ने लोगों से रोजाना योग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहाकि योग शरीर में ऊर्जा का संचार करता है। योग से मनुष्य का तन और मन स्वस्थ होता है। योग से शरीर निरोगी और स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। इसी क्रम में विद्यालय के समन्वयक सचिन कुमार यादव ने योग के फायदे गिनवाते हुए बताया कि ये शरीर पाच तत्व से निर्मित है। इसमें किसी भी तत्व के अनबैलेंस होने पर शरीर में वात पित्त कफ बिगड़ जाते हैं। तभी शरीर में अनेकों बीमारियां आती है। जिसे दूर करने के लिए हमारे शास्त्र में योग बताया गया है। प्रवक्ता डॉ.संतोष कुमार सिंह ने कहाकि हमें रोज योगाभ्यास करना चाहिए इससे ही निरोगी जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने कहाकि हमें रोज 6 लीटर पानी की जरूरत होती है। मन की शांति के लिए उन्होंने योग को सबसे अच्छा साधन बताया। योग को प्रकाश की संज्ञा देते हुए कहाकि इसके प्रभाव से व्यक्ति का जीवन प्रकाशमय रहता है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग कर स्वस्थ रहने और स्वच्छता रख बीमारी दूर करने का संकल्प लिया। इस मौके पर विद्यालय के सभी स्टाफ, दिव्यांग बच्चे, छात्र-छात्रायें मौजूद रहे। नसीम अख्तर ने आये हुए सभी लोगों के प्रति आभार ज्ञापित किया।