― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरयुवक की लाश आते ही गांव में मचा कोहराम

युवक की लाश आते ही गांव में मचा कोहराम

जौनपुर धारा, जौनपुर। पिछले सोमवार की मध्यरात्रि गुजरात में सड़क हादसे में शिकार हुए क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी 23 वर्षीय युवक की गुरुवार सुबह लाश आते ही गांव में कोहराम मच गया। हालांकि लाश आते ही आनन फानन में उसका अन्तिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन उसकी मौत से समूचा गांव सिहर सा गया। बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी मिथलेश बिन्द पुत्र रामपाल भाइयों संग मुम्बई में रहकर वाहन चलाने का कार्य करता था। वर्तमान में वह गुजरात के किसी कम्पनी का कंटेनर चला रहा था। इसी बीच वह कम्पनी के काम से वाहन लेकर कहीं बाहर जा रहा था कि सोमवार की मध्य रात्रि सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर मुम्बई में रह रहे उसके भाई और चचेरे भाई मौके पर पहुंच कर जरूरी खानापूर्ति के बाद गुरुवार सुबह उसकी लाश गांव ले आए। लाश आते ही परिजनों समेत पूरे गाँव में कोहराम मच गया। हालांकि आनन-फानन में क्षेत्र के पिलकिछा घाट पर उसका अन्तिम संस्कार कर दिया गया लेकिन पूरा गांव इस घटना से सिहर गया। मृतक अपने चार भाईयों में तीसरे स्थान पर था, जो वाहन चलाकर परिवार के भरण-पोषण में हाथ बंटाता था। इधर पिता उसका घर बसाने की सोच ही रहे थे कि उसका इस तरह काल के गाल में समा जाना सारे अरमानों पर पानी फेर दिया। मृतक की मां शोभा बेटे के गम में बदहवासी की हालत में पड़ गई है।

Share Now...