बीएसए ने हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने की अपील की
जौनपुर। मछलीशहर क्षेत्र के बनगांव में आयोजित वृहद शिक्षा चौपाल कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ शिक्षक जनपद को नामांकन के मामले में प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
नामांकन रैली से की शुरुआत
चौपाल से पूर्व बीएसए के नेतृत्व में बनगांव की बस्तियों में नामांकन रैली निकाली गई। रैली में बच्चों और शिक्षकों ने गाजे-बाजे और नारों के साथ जागरूकता फैलाते हुए पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
मौके पर ही हुआ नामांकन
रैली के बाद मौके पर ही बच्चों का नामांकन किया गया। नव नामांकित बच्चों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें किताबें व टीएलएम किट प्रदान की गई। साथ ही उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान बनगांव और बोड़ेपुर के करीब 50 बच्चों का नामांकन किया गया।
प्रदर्शनी और सम्मान समारोह
चौपाल स्थल पर बीएसए ने 14 विद्यालयों के बच्चों द्वारा तैयार शिक्षण अधिगम सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। निपुण विद्यालय बनगांव के बच्चों और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
शिक्षकों के प्रयास की सराहना
कार्यक्रम में नोडल शिक्षक अरविंद मिश्रा, अखंड प्रताप सिंह तथा प्रधानाध्यापिका मंजू सिंह के प्रयासों की सराहना की गई। खंड शिक्षा अधिकारी अमरदीप जायसवाल ने आभार व्यक्त किया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों—जमाल यूसुफ, सियाराम यादव, जेडी सिंह और नजीर खानम को अंगवस्त्र, गीता और कुरान के साथ सम्मानित किया गया।
रंगोली टीम भी हुई सम्मानित
विद्यालय परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोली की भी सराहना की गई। रंगोली बनाने वाली टीम को सम्मानित किया गया।



