बस्ती : आज बस्ती में मेधावियों को सम्मानित किया गया, सम्मान में टैबलेट और 21 हजार रुपए की धनराशि पाकर मेधावियों में खुशी की लहर दिखी, सभी मेधावियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया. गौरतलब है की मेधावियों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ की सरकार के पहल पर आज सभी जिलों में 10 टॉपर्स को सम्मानित किया गया. वहीं लखनऊ में सूबे के मुखिया ने प्रदेश के टॉपर्स को सम्मानित किया. आपको बता दे की बस्ती में हाई स्कूल के 11 मेधावियों को सम्मानित किया गया. सम्मान टॉप टेन का होना था, लेकिन बस्ती में हाईस्कूल में दो मेधावियों के अंक समान रहा लिहाजा यह आंकड़ा 11 हो गया. वही इंटरमीडिएट के 10 मेधावियों को सम्मानित किया गया.
अधिकतर बनना चाहते हैं आईएएस
सम्मानित हुए अधिकतर मेधावी आईएएस बनना चाहते हैं. वहींं, कुछ मेधावी डॉक्टर इंजीनियर भी बनना चाहते हैं. छात्रा दिव्या सिंह ने बताया कि सरकार की तरफ से पुरस्कार पाकर काफी खुशी हो रही. मैंने प्रतिदिन 7 से 8 घण्टे पढ़ाई करके ये मुकाम हासिल किया है. आगे मैं टीचर बनना चाहती हूं. वहीं बात जिले में इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान हासिल कर चुके शुभम पांडेय ने बताया की सम्मान प्राप्त कर मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. साथ ही मैं सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हम मेधावियों को सम्मानित किया. शुभम ने आगे बताया कि मैं इस समय लखनऊ यूनिवर्सिटी से बीए कर रहा हूं और आगे यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस बनना चाहता हूं.
जिला प्रशासन पूरी मदद को तैयार
सीडीओ बस्ती राजेश प्रजापति ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा से आज बस्ती में 21 मेधावियों को सम्मानित किया गया, मैं इन सभी मेधावियों को जिला प्रशासन की तरफ़ से बधाई देता हूं साथ ही जिस भी मेधावी को आगे किसी प्रकार की कोई दिक्कत होगी जिला प्रशासन उनकी पूरी मदद भी करेगा.



