- सरपतहां थाना क्षेत्र के अरसिया बाजार की घटना

जौनपुर धारा, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के अरसिया बाजार में दो पक्षों मे हुए मामूली विवाद के दौरान एक युवक के पेट में गोली मारकर दूसरे पक्ष के लोग मौके से फरार हो गये। आनन-फानन में परिजन उसे राजकीय पुरूष चिकित्सालय शाहगंज ले गये जहां उसकी गम्भीर हालत देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम थाना क्षेत्र के मनवल गांव निवासी 22 वर्षीय सुधीर सिंह पुत्र दयाशंकर सिंह अपने एक साथी शनि सिह के साथ अर्सिया बाजार आये थे,बाजार में किसी बात को लेकर दोनो तरफ से कहा सुनी हो गई इतने में किसी ने तमंचे से सुधीर के ऊपर गोली चला दी। गोली सुधीर के पेट में जाकर लगी।सुधीर लहूलूहान होकर जमीन पर गिर गया।आनन फानन मे लोगो ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल युवक को राजकीय पुरूष चिकित्सालय शाहगंज ले गये जहां गम्भीर हालत में डाक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिये जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस सन्दर्भ में थानाध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि मनवल गांव के एक लड़के को गोली लगने की सूचना है, गोली मारने वाले युवकों की पहचान कर ली गई है। तहरीर मिलते हीं सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


