Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभारत देश बन गई है सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्था : राजनाथ सिंह

भारत देश बन गई है सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्था : राजनाथ सिंह

जौनपुर धारा,जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्था बन चुका है। शहर से गांव तक सबसे ज्यादा 5 जी यूजर्स है। हम 2047 तक भारत को विकसित देश बनाएंगे। उक्त बातें देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मछलीशहर तहसील के निजामुद्दीनपुर गांव में एक समारोह के दौरान कहा। रक्षामंत्री राजनाथ ने रविवार को उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में निजामुद्दीनपुर गांव में भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत नारायण दुबे के आवास पर आयोजित मांगलिक समारोह में भाग लेने के पश्चात पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि आज भारत कुछ बोलता है, तो सारी दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है। विज्ञानी सेना से जुड़े उपकरण भारत की धरती पर बना रहे हैं, और दूसरे देशों को भी एक्सपोर्ट कर रहे हैं। देश में 1.30लाख स्टार्टअप काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के युवाओं को भारत का इतिहास पढ़ना चाहिए, हमारे इतिहास में हर क्षेत्र में भारत की उपलब्धि व्याप्त है। उन्होने पत्रकारों के सवालों का जबाब देते हुए कहा कि गुलाम जम्मू कश्मीर भारत का मुकुट मणि है और इसके बिना जम्मू कश्मीर अधूरा है, पाकिस्तान के लिए यह एक विदेशी क्षेत्र से अधिक कुछ नहीं है, वह इसका इस्तेमाल आतंक को शह देने व भारत विरोधी दुष्प्रचार के लिए कर रहा है। रक्षामंत्री ने गुलाम जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग करार दिया और साथ ही पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गुलाम जम्मू कश्मीर में आतंकी ट्रेनिंग कैम्प व लॉन्चिंग पैड खत्म कर दे नहीं तो उचित जवाब दिया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व विधायक डॉ.हरेंद्र सिंह, पूर्व एमएलसी कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक गुलाब सरोज, भाजपा के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, अपना दल के राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली सहित भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री के आगमन को देखते हुए पूरा निजामुद्दीनपुर गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा।