Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरप्रदेश स्तरीय सीनियर पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का मुरादाबाद में आयोजन

प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का मुरादाबाद में आयोजन

जौनपुर। क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने अवगत कराया है कि खेल निदेशालय उ.प्र., लखनऊ के तत्वावधान में खेल विभाग उ.प्र. एवं उ.प्र.कुश्ती संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय खेल समन्वय सीनियर पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 जनवरी तक स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद में किया जा रहा है।

उक्त के क्रम में सीनियर पुरूष कुश्ती खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण 22जनवरी को पूर्वान्ह 10.00 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित कुश्ती खिलाड़ी ही 23जनवरी को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स, जो डॉ.सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रात: 10.00बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इच्छुक खिलाड़ी जन्म प्रमाण एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ, हाई स्कूल अंक पत्र व एक पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति लेकर जनपदीय चयन/परीक्षण में प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन परीक्षण में प्रतिभाग हेतु खिलाड़ी की जन्म तिथि वर्ष 2008 से पूर्व की होनी चाहिए। सीनियर पुरूष कुश्ती फ्री-स्टाईल का निर्धारित भार वर्ग- 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97, 125 किग्रा0 एवं ग्रीको रोमन में भारवर्ग- 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 व 130 किग्रा.होना चाहिए।

जनपद स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन

जौनपुर। क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह ने अवगत कराया है कि उ.प्र.शासन एवं जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के अनुपालन में जिला खेल कार्यालय, के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस 24 जनवरी को जनपद स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी एवं जूनियर बालक खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन इन्दिरा गांधी स्पोट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में प्रात: 9 बजे से किया जा रहा है।

इच्छुक टीमें अपनी प्रविष्टि प्रतियोगिता से एक दिन पूर्व की अपरान्ह 5.00 बजे तक जिला खेल कार्यालय, इन्दिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर जौनपुर में निर्धारित प्रारूप पर अवश्य उपलब्ध करायें। कबड्डी एवं खो-खो टीम में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक की संख्या 12 प्लस 1 होगी। जूनियर आयु वर्ग की प्रतियोगिता में जनपद की कुल 08 टीमों को प्रविष्टि दी जायेगी, प्रविष्टि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दी जायेगी। कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ियों की जन्म तिथि 01जुलाई 2007 के पूर्व की न हो। खिलाड़ी आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड एवं हाईस्कूल का मूल प्रमाण पत्र अपने साथ लेकर आयेंगे। आयु निर्धारण के लिए इन्हीं अभिलेखों को आधार माना जायेगा। विद्यालय की टीमें अपनी प्रविष्टि विद्यालय के प्रधानाचार्य या खेल अध्यापक के माध्यम से करायेंगी। प्रतियोगिता समाप्ति उपरान्त खिलाड़ियों/टीमों को पुरस्कृत किया जायेगा।

जमीन विवाद में मारपीट, चार के खिलाफ मुकदमा

जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में बंटवारे की जमीन को लेकर विपक्षियों ने दूसरे पक्ष से मारपीट कर घायल कर दिया। ऐसे में पीड़ित पक्ष ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस जांच करते हुए चार पर प्राथमिकी दर्ज की। थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी आनंद शर्मा का आरोप है कि विपक्षी से बंटवारे की जमीन का विवाद है। आरोप है कि उसी विवाद को लेकर विपक्षी शैलेश शर्मा आनंद के घर पहुंचकर बंटवारे की जमीन को लेकर बहस शुरू कर दिए। पुराने बंटवारे को नहीं मानने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। पुलिस के अनुसार, मारपमीट में एक के घायल होने की सूचना है। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सफल बच्चों को किया गया सम्मानित

जौनपुर। केराकत के गोमती पब्लिक स्कूल, छितौना में गुरुवार को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक डॉ.हरगोविन्द यादव ने बच्चों को पुरस्कार देकर कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह परीक्षा सात नवंबर को हुई थी।

जिसका आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा किया गया था। परीक्षा में शीलू पासवान, शिवांगी, अंकिता चौरसिया, अंश यादव, प्रिया सरोज, श्रेया यादव, कुलदीप मौर्य, शौर्य सरोज, नैंसी विश्वकर्मा, अनुराग सरोज, आकांक्षा यादव, अनुष्का यादव सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिन्हें मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ.हरगोविन्द यादव ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाओं का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नैतिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना करने हेतु प्रेरित किया तथा शिक्षकों को उनके दायित्वों का भी बोध कराया। कार्यक्रम में कैलाश मौर्य, लालता मौर्य, राधेश्याम यादव, श्रीराम यादव, रोहित शुक्ला, अन्नपूर्णा सिंह, राधिका, शाहनवाज सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

दहेज उत्पीड़न में आठ लोगों के खिलाफ केस

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी गांव निवासी विवाहिता ने थाने में शिकायती पत्र देकर ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता अर्चना पत्नी रामचरण प्रजापति ने बताया कि उसकी शादी 2022 में हुई थी। उनके पिता बृजलाल निवासी मतरि थाना मछली शहर ने विवाह के समय दहेज दिया था। पति के साथ परिवार के लोग दहेज के लिए लगातार परेशान कर रहे हैं। उनकी 2 साल की बेटी को भी प्रताड़ित करते हैं। अर्चना की तहरीर पर ससुर मिथिलेश और पति रामचरण के साथ परिवार के कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार घायल, हाईवे पर हुआ हादसा

जौनपुर। आजमगढ़ हाईवे पर सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में बिथार पेट्रोल पंप के पास नीलगाय से टकराने के बाद यह घटना हुई। घायल को जौनपुर शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

घायल व्यक्ति की पहचान गौराबादशाहपुर कस्बा के साधुनगर मोहल्ले निवासी 50 वर्षीय दिलीप सिंह उर्फ पिंटू सिंह के रूप में हुई है। वह सोमवार रात अपनी बाइक से जौनपुर शहर किसी काम से जा रहे थे। बिथार पेट्रोल पंप से आगे बढ़ते ही अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। दिलीप सिंह की बाइक नीलगाय से टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क पर गिर गए। हेलमेट पहने होने के कारण उनके सिर में चोट नहीं आई, लेकिन हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।

सनातन सम्राट परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि महाराज का आगमन कल

जौनपुर। सनातन सम्राट परमपूज्य स्वामी चक्रपाणि महाराज राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारत हिन्दू महासभा, संत महासभा, चित्रगुप्त भगवान अखाड़ा परिषद भारत का आगमन जौनपुर 23जनवरी को हो रहा है। स्वामी को श्रेणी सुरक्षा प्राप्त है। स्वामी चक्रपाणि महराज वाराणसी से प्रात: 7बजे चलकर 7:45पर फूलपुर चांदपुर पर स्वागत किया जाएगा। उसके बाद चांदपुर सिटी स्टेशन फ्लाई ओवर, पॉलिटिनिक चौराहे, बाजिदपुर, जेसीज चौराहा सिपाह होते हुए प्रात: 8 बजे चौकियां धाम जौनपुर पहुंचेंगे जहां माता शीतला चौकियां माई धाम श्रृंगार महोत्सव का शुभारंभ उद्घाटन करेंगे। उसके बाद चौकियां धाम से प्रस्थान कर सिपाह, जेसीज चौराहा, बाजिदपुर तिराहा होते हुए प्रात: 8:30पर पॉलिटिनिक चौराहे पर स्वागत कर दुपहिया वाहन जुलुश के साथ चित्रगुप्त भगवान पूजन रूहटा जायेंगे। जहां पर भगवान चित्रगुप्त मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद, प्रात: 8:45 बजे पत्रकार वार्ता करने के बाद बसंत पंचमी उत्सव, नेता जी सुभाष चंद्र बोस जयंती समारोह, सामाजिक समरसता संगत पंगत सहभोज में भाग लेने के उपरान्त प्रात: 9:30बजे जौनपुर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। उक्त आशय की जानकारी भाजपा नेता राजेश श्रीवास्तव बच्चा भईया एडवोकेट, महंत शीतला माता मंदिर विवेकानंद महराज, मीडिया प्रभारी विश्व प्रकाश श्रीवास्तव दीपक पत्रकार ने देते हुए सनातन धर्म प्रेमियों से स्वामी चक्रपाणि महराज के स्वागत अभिनंदन में शामिल होने की अपील किया।

किसान यूनियन की बैठक में महिला सदस्यों ने लगाया अभद्रता का आरोप

जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को आयोजित किसान यूनियन की मासिक बैठक के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब किसी विवादित टिप्पणी को लेकर किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजनाथ यादव और महिला सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। महिला सदस्यों का आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक के दौरान महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे नाराज महिलाओं ने विरोध जताते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि महिलाओं ने लात-घूंसे और जूतों से मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ महिलाएं आपस में भी भिड़ती नजर आईं। स्थिति बिगड़ती देख प्रदेश अध्यक्ष राजनाथ यादव मौके से निकल गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद महिलाओं को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। हमले में शामिल महिला सदस्य शीला ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लंबे समय से गाली-गलौज, मनमानी और यूनियन के कार्यों में अनियमितता की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। इसी आक्रोश के चलते बुधवार को विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

Share Now...