

- रामपुर के कोटिगांव नहर पुलिया पर हुई मुठभेड़
- बाइक, दो तमंचा, कारतूस और 1870 रुपये बरामद
जौनपुर धारा, जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के कोटिगांव नहर पुलिया के पास शुक्रवार की आधी रात मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली से घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों के विरुद्ध विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी डा. अजय पाल शर्मा ने बताया कि रामपुर व बक्शा थाना और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम गोपालापुर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय मुखबिर ने सूचना दी कि लूट व अपहरण की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो बदमाश कसेरू बाजार की तरफ से रामपुर होते हुए शहर की ओर जाने वाले हैं। पुलिस टीम ने कोटिगांव नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर ली। कुछ ही देर बाद बाइक सवार दो संदिग्ध युवक रामपुर की ओर आते दिखे। रुकने का संकेत देने पर गति तेज कर भागने के चक्कर में बाइक समेत गिर गए। इस दौरान दोनों पुलिस टीम पर गोलियां चलाने लगे। एक गोली थानाध्यक्ष रामपुर के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं। दोनों गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों में विनोद यादव निवासी सिरौली रामपुर व रुस्तम अंसारी निवासी शहाबुद्दीनपुर गौराबादशाहपुर हैं। पुलिस को मौके से दो तमंचे, कारतूस, खोखे, पल्सर बाइक, दो मोबाइल व लूटे गए 1870 रुपये मिले। पुलिस ने घायल बदमाशों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया। गिरफ्तार रुस्तम अंसारी पर विभिन्न थानों में लूट, अपहरण, धोखाधड़ी, जालसाजी, हत्या के प्रयास, हत्या की धमकी, आर्म्स एक्ट के 13 जबकि विनोद यादव के विरुद्ध चार मुकदमे रामपुर, केराकत, मड़ियाहूं व सरपतहां थानों में दर्ज हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामपुर दिव्य प्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष बक्शा त्रिवेणी सिंह, सर्विलांस प्रभारी राम जनम यादव, एसओजी प्रभारी मनोज कुमार सिंह, सिधवन पुलिस चौकी प्रभारी शिव प्रकाश पाठक, जमालापुर चौकी प्रभारी कश्यप कुमार सिंह रहे।



