जौनपुर। सिकरारा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के निर्देशन में उ.नि.विनोद कुमार सिंह व टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बांकी निवासी दीपक सिंह उर्फ छोटकऊ (42वर्ष) को पकड़ा।
उसके खिलाफ थाना सिकरारा में मु.अ.स. 383/25, धारा 109, 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
धरौरा गांव में गली बंद करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज
केराकत। धरौरा गांव में बीते बुधवार की सुबह गली को बंद करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए, जिसके बाद मारपीट और बवाल की घटना हो गई। मामले में केराकत पुलिस ने अब पीड़ित देवेंद्र दुबे की तहरीर पर पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले घटना वाले दिन ही पुलिस ने विपक्षी अश्वनी कुमार दुबे की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
पीड़ित देवेंद्र दुबे का आरोप है कि पुलिस ने प्रारंभ में एकतरफा कार्रवाई की। सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर मामला वायरल होने के बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष यानी उनकी ओर से भी मुकदमा दर्ज किया। देवेंद्र दुबे के अनुसार उनके मकान के सामने आबादी की जमीन में 10 फीट चौड़ी गली है, जिससे उनका परिवार मुख्य सड़क पर निकलता है। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव के ही श्रीनिवास दुबे, अश्वनी उर्फ तीर्थराज दुबे, योगेश दुबे, नेहा दुबे और जाह्नवी उर्फ रूपम कथित रूप से मजदूरों और मिस्त्रियों के साथ गली में दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कराने लगे। जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया तो श्रीनिवास ने ललकारा और इसी दौरान आरोपियों ने रॉड, डंडा और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में देवेंद्र दुबे के पुत्र पवन दुबे, पत्नी निर्मला दुबे और बहू प्रियंका दुबे को गंभीर चोटें आईं। पवन दुबे को सात चोटें आने का दावा किया गया है, जिनमें एक धारदार हथियार से लगी चोट भी शामिल है। वहीं विपक्षी अश्वनी दुबे को महज तीन साधारण चोटें आई हैं। देवेंद्र दुबे का कहना है कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही थी, जिस कारण उनका मुकदमा देर से दर्ज हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। थाना प्रभारी केराकत दीपेंद्र सिंह ने दोनों मुकदमों की पुष्टि की है और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
बाइक-टेंपो की टक्कर में मां-बेटा घायल
जौनपुर। शहाबुद्दीनपुर में सैनिक गिरजा शंकर महाविद्यालय के सामने एक बाइक और टेंपो की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी मां घायल हो गए। यह घटना दोपहर 2:45बजे हुई।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार अपनी मां को दवा दिलाने के लिए घर से जा रहा था। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से बचने के प्रयास में बाइक रोड के किनारे चल रहे एक टेंपो से टकरा गई। टक्कर के बाद स्थानीय दुकानदार कमल, वीरेंद्र, सुरेंद्र, विजय और धर्मेंद्र तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मां-बेटे को सड़क से उठाया और उनकी बाइक को किनारे लगाया। घायलों को तत्काल स्थानीय डॉक्टर संतोष के पास ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
छात्रों ने बक्शा थाने का किया शैक्षणिक भ्रमण
- पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न हेल्पलाइन और कानून की जानकारी दी
जौनपुर। कुल्हनामऊ गांव स्थित सनबीन स्कूल के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार दोपहर बक्शा थाने का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रशांत पाण्डेय ने बच्चों को पुलिस के कार्यों और विभिन्न सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। थाना प्रभारी प्रशांत पाण्डेय और महिला हेल्पडेस्क पर मौजूद महिला सिपाहियों ने सबसे पहले छात्रों को मिशन शक्ति केंद्र के बारे में बताया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में उपयोग की जाने वाली विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। इनमें वीमेन पावर लाइन1090, महिला हेल्प लाइन181, मुख्यमंत्री हेल्प लाइन1076, पुलिस आपातकालीन सेवा112, चाइल्ड क्राइम1098, गर्भवती महिलाओं के लिए एम्बुलेंस सेवा102, अग्निशमन सेवा101, एम्बुलेंस सेवा 108 और साइबर क्राइम की सूचना हेतु 1930 शामिल थीं। भ्रमण के दौरान छात्रों को थाना परिसर में बने जेल, सीसीटीएनएस कक्ष और मुकदमा अपराध रजिस्टर के बारे में भी बताया गया। छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया।


