देश के कई राज्यों से परीक्षा से ठीक पहले पेपर लीक होने की खबरें आती रहती हैं. हाल ही में अभी बिहार कर्मचारी चयन आयोग यानी बीएसएससी (BSSC) के पर्चा लीक होने की खबरें आईं. यहां बीपीएससी की तृतीय स्नातक परीक्षा के दूसरे दिन 24 दिसंबर 2022 को पेपर लीक हो गया, जिसके बाद काफी हंगामा मचा. इसके ठीक पहले राजस्थान में लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली प्रतियोगी परीक्षा का पर्चा भी लीक हो गया था, जिसके बाद से पर्चा लीक का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
1. बीपीएससी का पेपर लीक
पिछले साल बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा का पेपर लीक हो गया था. इस लीक के चलते बीपीएससी की 67वीं परीक्षा को रद्द करना पड़ा था. इस परीक्षा के लिए 6 लाख से ज्यादा उम्मीदवार थे. इस परीक्षा के लीक होने के मामले की जांच के दौरान 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
2. आरपीएससी (RPSC) परीक्षा निरस्त
राजस्थान लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था. परीक्षा से ठीक पहले सामान्य ज्ञान का पेपर लीक हो गया, जिसके बाद आयोग को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी और बाद में इस परीक्षा के लिए नई डेट घोषित करनी पड़ी. दिसंबर 2022 में होने वाली यह परीक्षा अब 29 जनवरी 2023 को आयोजित की जाएगी.बता दें कि इस पूरे मामले में अब तक करीब 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. खास बात यह है कि सात लड़कियां भी शामिल हैं.
3. उत्तर प्रदेश में पेपर लीक मामला
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में राजस्व लेखपाल की मुख्य परीक्षा का पेपर भी लीक हो चुका है. इस मामले को लेकर भी काफी हंगामा मचा था. जांच पड़ताल में यह तथ्य सामने आया था कि अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर सॉल्वर बैठाए जाते थे और परीक्षा के दौरान नकल के संसाधन उपलब्ध कराए जाते थे. इन सभी आरोपों में पुलिस ने लगभग 21 व्यक्तियों को पकड़ा था. बताते चले कि लेखपाल की मुख्य परीक्षा के लिए 501 केंद्र बनाए गए थे.
4. आंध्र प्रदेश में पेपर लीक
आंध्र प्रदेश में 10वीं बोर्ड पेपर लीक घटना ने सबको चौंका दिया था. 10वीं बोर्ड की परीक्षाओं के बीच ही आंध्र प्रदेश में लगातार तीन दिनों में 10वीं कक्षा के तीन पेपर लीक हुए. सोशल मीडिया पर तेलुगू, हिंदी और अग्रेज़ी के पेपर लीक हो गए थे. सुबह 10 बजे पेपर शुरू होने के कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया में अंग्रेजी भाषा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था.
5. बिहार में 10वीं का पेपर लीक
बिहार में दसवीं की बोर्ड परीक्षा का पेपर लीक हो गया था. बता दें कि परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद ही बोर्ड परीक्षा का पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा जिसके बाद आनन फानन में 10वीं का गणित विषय की परीक्षा को स्थगित करना पड़ा. एक बार स्थगित होने कुछ समय बाद दोबारा से यह परीक्षा आयोजित की गई.
6 .यूपी टीईटी परीक्षा का पेपर वायरल
पिछले साल यूपी टीईटी परीक्षा के दौरान पेपर शुरू होने से ठीक पहले टीईटी का पेपर वायरल हो गया मथुरा, गाजियाबाद और बुलंदशहर समेत अन्य कई शहरों में वॉट्सएप पर परीक्षा का प्रशनपत्र धड़ल्ले से वायरल हो गया. इस परीक्षा के लिए 21 लाख अभ्यार्थीओं ने आवेदन किया था. इस घटना से बेखबर परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में पहुंच गए थे. कुछ समय में पेपर शुरू होने ही वाला था लेकिन उसी वक्त यह पेपर लीक होने की सूचना के बाद पेपर रद्द कर दिया गया.
7. यूपी बोर्ड का अंग्रेजी का पेपर लीक
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में अंग्रेज़ी का पेपर लीक हो गया जिसके बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया. पेपर लीक होने से राज्य के 24 जिलों में होने वाली अंग्रेज़ी की इस परीक्षा को स्थगित करना पड़ा. 30 मार्च को यह पेपर लीक हो गया था. पेपर लीक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 46 लोगों को हिरासत में लिया था.
8. लोक सेवा आयोग का पर्चा लीक
पिछले साल अक्टूबर में आंध्र प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा का पेपर लीक हो गया यह उस समय हुआ जब पेपर शुरू ही होने वाला था. इस घटना के बाद एपीपीएससी की परीक्षा देने वाले एक उम्मीदवार ने इटानगर पुलिस थाने में एफआइआर दर्ज कराई. एपीपीएससी की ओर से यह परीक्षा असिस्टेंट इंजीनियर की भर्ती के लिए कराई जा रही थी. इस पेपर लीक की जांच में पुलिस ने दो अधिकारी और एक आरोपी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था.
9. महाराष्ट्र बोर्ड परीक्षा का पेपर लीक
साल 2022 में महाराष्ट्र बोर्ड की 12वीं केमिस्ट्री का पर्चा लीक हो गया था. जिसके बाद महाराष्ट्र के विले पार्ले पुलिस ने एक प्राइवेट कोचिंग क्लास के मालिक को गिरफ्तार कर लिया. इस कोचिंग के मालिक पर एचएससी 12वीं कक्षा के कैमिस्ट्री का पेपर लीक करने का आरोप था. इस प्राइवेट कोचिंग के शिक्षक ने उसी साल का पेपर अपने तीन छात्रों के साथ शेयर किया था.
10. राजस्थान पुलिस कांस्टेबल रिक्रूटमेंट परीक्षा
राजस्थान में पेपर लीक होने की घटना कोई नई बात नहीं है. इसी साल मई में ही होने वाली राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया था. पेपर को जयपुर से ही लीक किया गया था. पेपर के लीक होने के बाद ही परीक्षा रद्द कर दी गई थी. इस परीक्षा में 1.17 लाख परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था जो पेपर लीक होने की वजह से परीक्षा नहीं दे पाए थे. इस मामलें की जांच में पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार किया था.
11.रीट परीक्षा का पेपर लीक
साल 2021 में भी राजस्थान में एक और पेपर लीक होने की घटना सामने आई. इस बार रीट परीक्षा का पेपर पहले ही लीक हो गया था. इस घटना के बाद राज्य के बोर्ड के चेयरमैन को निलंबित कर दिया गया था. इस मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक एसओजी का गठन किया था. एसओजी ने जांच के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था. इसके बाद इस मामलें में शामिल एक आरएएस,2 आरपीएस, शिक्षा विभाग के 13 कर्मियों और 3 पुलिसवालों को गिरफ्तार किया गया.
12. पुणे पेपर लीक केस
साल 2021 में महाराष्ट्र के पुणे में हुए महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी भर्ती का पेपर लीक हो गया पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया. तीनों पर पेपर लीक करने का आरोप था
13. हरियाणा में हिंदी का पेपर लीक
साल 2022 में हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा की हिंदी विषय का पेपर लीक हो गया. पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द करना पड़ा. यह पेपर परीक्षा के शुरू होने के महज 15 मिनट पहले ही लीक हुआ. पुलिस ने जांच में पाया कि परीक्षा का प्रश्नपत्र मंधौली इलाके से लीक किया गया था. सोशल मीडिया पर पेपर लीक होने की खबर मिलते ही हरियाणा बोर्ड ने 3 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया.
14. यूजीसी नेट का पर्चा लीक
साल 2021 के दिसंबर महीने में यूजीसी नेट का हिंदी विषय का पेपर लीक हो गया था. परीक्षा होने के 6 घंटों पहले ही नेट परीक्षा का प्रश्नपत्र लोगों के वॉट्सएप पर वायरल होने लगा था. जांच में पाया गया कि एक सीआरपीएफ कांस्टेबल ने इस परीक्षा के प्रश्न पत्र को लीक कर दिया था. जांच में पाया गया कि आरोपी ने 9 लोगों को परीक्षा के पहले ही पेपर दे दिया था. इसके बदले में आरोपी ने उनसे 3 लाख रूपये भी लिए थे.



