जौनपुर धारा, जौनपुर। प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन प्रशासनिक सुधार विभाग एवं लोक सेवा प्रबंधन विभाग उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ के. रविंद्र नायक की अध्यक्षता में गुरुवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात उ.प्र. दिनेश प्रताप सिंह द्वारा पूर्व में किए गए मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान दिये गये निर्देशों के अनुपालन में की गयी कार्यवाही की समीक्षा की गई, जिस पर कार्यदायी संस्था के द्वारा अवगत कराया गया कि सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करा दिया गया है। प्राचार्य ने अवगत कराया कि मेडिकल कॉलेज में मानक के अनुरूप डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता है स्टाफ की कोई कमी नहीं है। इसके साथ ही पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, जल निगम, परिवहन विभाग, पर्यटन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सेवायोजन विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। पशु चिकित्सा अधिकारी से पशुओं के टैगिंग एवं बेसहारा पशुओं के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की गई और निर्देशित किया गया कि पशुओं के लिए हरा चारा, पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जनपद में अमृत सरोवर का निर्माण गांव की पारिस्थितिकी एवं अवसादों को ध्यान में रखकर किया जाए एवं अमृत सरोवर के किनारे पौधरोपण भी किया जाए। बेसिक शिक्षा अधिकारी से छात्र-छात्राओं के नामांकन, शिक्षकों की उपस्थिति, तथा बाल विकास पुष्टाहार मिशन के तहत बच्चों में पुष्टाहार के वितरण के संदर्भ में पूछा। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने नोडल अधिकारी को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिये गये निर्देशों को पालन शत-प्रतिशत पालन कराया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामअक्षयवर चौहान, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व गणेश प्रसाद सिंह सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।
― Advertisement ―
नोडल अधिकारी ने समीक्षा बैठक में दिये आवश्यक निर्देश



