जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने शनिवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद करते हुए दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वार्ड के निरीक्षण के दौरान शौचालय में साफ सफाई का अभाव व वार्ड में मरीजों के लिए लगाई हुई बेडशीट भी साफ न होने के कारण उन्होने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमएस, प्रबंधक और सफाई सुपरवाइजर को चेतावनी दी कि एक महीने के अंदर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाए। इसके उपरांत उन्होंने जिला जेल का निरीक्षण किया। महिला सेल के निरीक्षण के दौरान जेल में कुल 47महिलाएं निरुद्ध पाई गई जिसमें से 10महिलाएं सिद्ध दोष बंदी के रूप में थी, शेष विचाराधीन बंदी के रूप में बंद है। उन्होंने महिलाओं से उनके मुकदमों के सुनवाई के प्रगति, दिए जाने वाले भोजन, नाश्ता आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। पाकशाला में जाकर भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की और निर्देशित किया कि महिला बंदी के लिए सिलाई, योगा और ब्यूटीसियन का प्रशिक्षण दिलाया जाए। इसके उपरांत उपाध्यक्ष निरीक्षण भवन में महिला जन सुनवाई करते हुए महिला थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहें।
डीएम ने भी जाना जिला अस्पताल का हाल

जौनपुर। शानिवार को जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र ने भी अचानक से जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया, उन्होने चिकित्सालय के इमरजेंसी कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष, आयुष्मान विभाग का निरीक्षण किया गया। इमरजेंसी कक्ष निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ए.सी.लगाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पैथोलॉजी कक्ष में समस्त जाँचों के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे संवाद करते हुए उनसे अस्पताल में दिए जाने वाले स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। आयुष्मान विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष्मान मित्र को निर्देशित किया कि आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का काउंसलिंग कर संख्या बढ़ाई जाए।