Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरनाते नबी के साथ मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व

नाते नबी के साथ मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व

  • मस्जिदों पर की गई थी सजावट, अखाड़ों ने दिखाए करतब
  • पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के किए गए थे पुख्ता इंतजाम

जौनपुर। हजरत मोहम्मद साहब (स.अ.)का जन्मोत्सव शुक्रवार को बड़े ही खुशनुमा माहौल में मनाया गया। पूरे शहर में हर तरफ मरहबा या मुस्तफा की सदा गूंजती रही। शहर की सजावट देखते ही बन रही थी। शाही ईदगाह से असर की नमाज के बाद जुलूस निकाला गया। हर जगह एक से बढ़कर एक दुकानें लगाई गई थीं। कोतवाली चौराहे पर मरकजी सीरत कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सभी मजहब के लोगों ने एकजुट होकर मोहम्मद साहब को याद किया।

अटाला मस्जिद तक आयोजित जुलूस के दौरान समाज के युवक-बच्चों और बुजुर्गों में खासा उत्साह नजर आया। जुलूस-ए-मोहम्मदी में मुस्लिम समाज के युवक भ ईचारे का पैगाम लिए ओलंदगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, अलफस्टीनगंज होते हुए अटाला मस्जिद पहुंचे। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से जुलूस में शामिल विभिन्न अखाड़ों के उस्तादों व समिति पदाधिकारियों का अल्पहार एवं शीतल पेय से स्वागत किया गया। जश्ने ईद मीलादुन्नबी का मुख्य समारोह कोतवाली चौराहे पर आयोजित किया गया। जहां सभी मजहब के लोगों ने एक मंच से जनपद सहित पूरे देश में अमन और खुशहाली के लिए अपील की। नाते नबी पढ़ने वाली अंजुमनो और अखाड़े को जगह-जगह सम्मानित भी किया गया। शहर में मेले जैसा माहौल रहा। रात होते-होते शहर में महिलाओं, पुरूषों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं शहर के मुख्य मार्गों पर की गयी सजावट लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनी रही। अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद, शेर मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों पर सजावट की गयी थी। मेले में आये हुए लोगों ने खरीदारी का भी लुत्फ उठाया। अटाला मस्जिद के पास एक से बढ़कर एक व्यंजनों की दुकान लगाई गई थी। विशेषकर बच्चों और महिलाओं के लिए एक से बढ़कर एक दुकानें लगायी गयी थी। जहां खरीदारों की भीड़ रात भर रही। इस एतिहासिक जुलूस में शामिल होने के लिए जनपद सहित आस-पास के जनपदों से भारी संख्या में लोग आये थे। जुलूस के साथ-साथ चल रही अंजुमनें नाते नबी गुनगुना रही थीं। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन के आला अधिकारी चक्रमण करते रहे। जगह-जगह महिला पुलिस की भी तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।