- उन्नाव के शुक्लागंज का रहने वाला है परिवार, 25 नवंबर को हुई थी शादी
- कानपुर कैंट पुलिस ने फोरेंसिक टीम से कराई जांच, आत्महत्या का अंदेशा
मुलायम सोनी
जौनपुर धारा, कानपुर में गुरुवार को ननद की बरात आने से कुछ घंटे पहले जर्दा कारोबारी की 26 वर्षीय पत्नी का शव गोलाघाट में गंगा में उतराया मिला। फोरेसिंक टीम ने मौके पर पड़ताल की। पति के अनुसार वह नाराज होकर घर से निकल गई थी। पुलिस को भी आत्महत्या का ही मामला लगता है।
उन्नाव जिले के शुक्लागंज पोनी रोड विकलांग गेट निवासी जर्दा व्यवसायी अंकुर साहू की शादी गत 25 नवंबर को जौनपुर की शिप्रा के साथ शुक्लागंज के शहनाई गेस्ट हाउस में हुई थी। आठ दिसंबर को अंकुर की बहन की शादी के लिए बरात आनी थी। अंकुर के अनुसार गुरुवार की दोपहर शिप्रा ने सबके लिए फ्राइड राइस बनाया। इसके बाद ननद का मेकअप करने उसके कमरे में गई। करीब चार बजे अचानक किसी बात पर शिप्रा गुस्सा हो गई, लेकिन स्वजन शादी में व्यस्त होने के नाते ध्यान नहीं दे सके। वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई। उसके न मिलने पर तलाश की गई। रात में शुक्लागंज थाने से पता चला कि गोलाघाट में शव मिला है। परिवार वाले थाने पहुंचे तब पुलिस द्वारा दिखाई गई फोटो देखकर अंकुर ने पत्नी शिप्रा के रूप में शिनाख्त की। अंकुर ने बताया कि बहन की शादी होने तक उसने स्वजन से घटना के बारे में छिपाए रखा।



