दिल्ली के कमला मार्केट इलाके में जीबी रोड के कोठे पर गोली चलने की घटना सामने आई है जिसमें दो लोगों को गोली लगी है. एक महिला और एक पुरुष गोली लगने से घायल हैं. जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है. घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे के आस-पास की बताई जा रही है. गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश फरार हैं.
बता दें कि पिछले दिनों दिल्ली के रेड लाइट एरिया जीबी रोड पर सेक्स वर्कर्स के लिए एक क्लीनिक की शुरुआत की गई थी. इस क्लीनिक पर 7 डॉक्टर यौनकर्मियों और उनके परिवारों का इलाज करेंगे. जनवरी में क्लीनिक का उद्घाटन किया गया था. यहां सेक्स वर्कर्स को नियमित हेल्थ चेकअप और ट्रीटमेंट की सुविधा मिल सकेगी. क्लीनिक कुछ सामाजिक संगठन की पहल पर खोला गया. क्लीनिक एक स्कूल के हिस्से में खोला गया. जिम्मेदारों का कहना है कि यहां सेक्स वर्कर्स और उनके परिवार के लोगों को स्वास्थ्य जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी. एक सेक्स वर्कर शालिनी (बदला हुआ नाम) ने बताया था कि हमें उम्मीद है कि इस क्लीनिक के खुलने से उस शर्मिंदगी से लड़ने में मदद मिलेगी, जिसका सामना शहर के अन्य हिस्सों में स्थित क्लीनिकों में जाकर करना पड़ता है.



