- स्कूल से लौटे बेटे ने देखा शव तो मचाया शोर
वाराणसी के मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के कंदवा स्थित आनंद नगर कॉलोनी में सोमवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। घर में घुसकर महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त महिला घर में अकेली थी। दोपहर बाद जब बेटा स्कूल से लौटा तो उसने लहूलहुान शव देखकर शोर मचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी। वारदात का कारण साफ नहीं है। आनंद नगर कॉलोनी निवासी देवचंद पांडेय मिर्जामुराद स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में कार्यरत हैं। उन्होंने दो बहनों अनिता पांडेय व वंदना पांडेय से शादी की है। दोनों साथ रहते हैं। अनिता पांडेय का पुत्र देवेश पांडेय मेडिकल स्टोर चलाता है। जबकि वंदना का पुत्र रितेश केंद्रीय विद्यालय में 10वीं का छात्र है। वंदना एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी में काम करती है। थानाध्यक्ष मंडुवाडीह ने बताया कि सोमवार को वंदना का पुत्र रितेश जब स्कूल से लौटा तो अनिता पांडेय को लहूलुहान देखा। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।



