जौनपुर। काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद अयोध्या श्रीराम मंदिर दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। गुरुवार की सुबह ट्रक की टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई, तथा हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हैं। वाराणसी-लखनऊ हाइवे पर सीहीपुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव के पास स्थित वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस लेन से विपरीत दिशा में आ रहे ट्रक ने श्रद्धालुओं के वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे में 10श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य नौ घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।



