- पुलिस पर रिश्वत लेने व लोगों को फर्जी मुकदमें में फंसाने का आरोप
जौनपुर धारा, जौनपुर। भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने सोमवार को थाने पर चल रहे भ्रष्टाचार व लोगों को फर्जी ढंग से फंसाने को लेकर पंचायत की गयी। भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने कहाकि मेरे ग्रुप के तीन आदमियों असलम पुत्र सैफुद्दीन, दिलशाद पुत्र स्व. हारुन व सज्जन अली पुत्र मोहसिन अली निवासीगण-नरगहना को थानाध्यक्ष राज नरायन चौरसिया, एसआई मंजय यादव, हेड कान्सटेबल सर्वेश सिंह, आशीष यादव बीते दिन रात्रि में पकड़कर थाने ले गये और तीनों व्यक्तियों में से सज्जन पुत्र मोहसिन अली से 15000 रुपये रिश्वत लेकर उसको छोड़ दिया और दो व्यक्तियों को रुपये न देने पर फर्जी तरीके से गोवध में मुकदमा दर्जकर जेल भेज दिया। भारतीय किसान के लोगों ने सीओ मछलीशहर से बातचीत की। सीओ ने कहा कि आप लोग दस दिन का मुझे मौका दीजिए, जिसकी निष्पक्ष जांचकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने कहा कि थानाध्यक्ष राज नरायन चौरसिया, एसआई मंजय यादव, हेड कान्सटेबल सर्वेश सिंह, आशीष यादव को निलंबित किया जाये और सज्जन अली का पैसा वापस दिलाया जाय। सीओ के आश्वासन पर दस दिन के लिए पंचायत स्थगित कर दी गयी। इस दौरान जिलाध्यक्ष शैलेश वर्मा, पूर्वांचल सचिव शिव प्रताप सिंह, पूर्वांचल संगठन मंत्री राम सनेही पटेल, जिला महामंत्री धर्मराज पटेल, खलील अहमद, कमलेश गौतम, बाबूराम, रामआसरे, विनय पटेल, शीला, उर्मिला, बबिता आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।



