युवाओं को ऋण वितरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र ने यूनियन बैंक ऑ$फ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैंक की सभी शाखा प्रबंधकों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत जनपद जौनपुर पूर्व में प्रथम स्थान पर था, लेकिन हाल के दिनों में प्रगति धीमी पड़ने के कारण अब जनपद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंक शाखाओं को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत करते हुए ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक अभय प्रकाश श्रीवास्तव को भी निर्देश दिए कि जनपद की सभी शाखाओं में लंबित आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि योजना से संबंधित आवश्यक प्रपत्रों की स्पष्ट चेकलिस्ट तैयार कर सभी शाखाओं में प्रदर्शित की जाए और निर्धारित दस्तावेजों के अतिरिक्त किसी अन्य कागजात की मांग न की जाए। जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि जिन आवेदकों के आवेदन अपूर्ण हैं, उन्हें मार्गदर्शन देकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए ताकि उन्हें समय से ऋण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनेंगे और जनपद के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर सभी बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



