- ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर जोर
जौनपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही तथा मार्च तक किए गए कार्यों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति एवं बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बैंकों और सरकार प्रायोजित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) को बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई। डीएम ने यूनियन बैंक और स्टेट बैंक को इस दिशा में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित सभी बैंक शाखाओं, एटीएम और बैंक मित्रों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत संचालित योजनाओं—स्वयं सहायता समूह, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एनआरएलएम सहित अन्य योजनाओं में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की प्राप्ति पर बैंक अधिकारियों को बधाई दी। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने निर्देश दिया कि कृषि ऋण वितरण और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में बैंक शाखा प्रबंधक सक्रिय सहयोग करें, ताकि जिले के ऋण-जमा अनुपात में और सुधार हो सके। बैठक में आरबीआई के सहायक महाप्रबंधक जीतेन्द्र मोरे, अग्रणी जिला प्रबंधक अभय प्रकाश श्रीवास्तव, नाबार्ड के डीडीएम रामअवध यादव, वित्तीय सलाहकार कमलेश यादव, आरसेटी के निदेशक, यूनियन बैंक के जिला समन्वयक गौरव कुमार समेत विभिन्न बैंकों के अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



