- भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नेतृत्व में महात्मा ज्योतिबा फुले की मनाई गई जयन्ती
जौनपुर धारा, जौनपुर। समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर स्थित एक होटल में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मछली शहर राम विलास पाल ने की। उपस्थित भाजपा नेताओं ने महात्मा फुले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि देश से छुआछूत खत्म करने और समाज को सशक्त बनाने में अहम किरदार निभाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म आज के ही दिन पुणे में हुआ था। उनका परिवार कई पीढ़ी पहले माली का काम करता था। वे सातारा से पुणे फूल लाकर फूलों के गजरे आदि बनाने का काम करते थे इसलिए उनकी पीढ़ी ‘फुले’ के नाम से जानी जाती थी। उन्होंने आगे कहा कि ज्योतिबा फुले महान क्रांतिकारी, भारतीय विचारक, समाजसेवी, लेखक एवं दार्शनिक थे। महाराष्ट्र में स्त्रियों की शिक्षा को लेकर लोग उदासीन थे, ऐसे में ज्योतिबा फुले ने समाज को इन कुरीतियों से मुक्त करने के लिए बड़े पैमाने पर आंदोलन चलाया। उन्होंने महाराष्ट्र में सर्वप्रथम महिला शिक्षा तथा अछूतोद्धार का काम आरंभ किया था। उन्होंने पुणे में लड़कियों के लिए भारत की पहला विद्यालय खोला। लड़कियों और दलितों के लिए पहली पाठशाला खोलने का श्रेय ज्योतिबा को दिया जाता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित स्वतंत्र प्रभार खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि ज्योतिबा फुले 19वीं सदी के सबसे बड़े समाज सुधारक के रूप में जाने जाते है। उन्होंने सुधार आंदोलनों के अतिरिक्त हर क्षेत्र में छोटे-छोटे आंदोलन किये जिससे सामाजिक और बौद्धिक स्तर पर लोगों को परतंत्रता से मुक्ति मिला था। जिलाध्यक्ष मछलीशहर राम विलास पाल ने आये हुये अतिथियों और उपस्थित जनता को आभार व्यक्त करते हुये महात्मा फुले के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुये कहा कि हमसे कोई विरले ही होते है जो समाज में व्याप्त कुरीति से लड़कर उन्हे जड़ से उखाड़ने का प्रयास करते है और उसे मिटा कर ही दम लेते है और ऐसे ही विरले व्यक्तित्व के धनी थे महात्मा ज्योतिबा फुल। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया। इसके पहले जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह और जिलाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता आये हुये मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का स्वागत पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, प्रमोद यादव, अवधेश यादव, राम सिंह मौर्य, महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्या, विजय लक्ष्मी साहू, गीता जायसवाल, धर्मपाल कन्नौजिया, ब्लाक प्रमुख गण सुनील यादव मम्मन, बृजेश यादव, जिला पंचायत सदस्य श्याम बाबू यादव, विकास शर्मा, घनश्याम यादव, प्रमोद प्रजापति, संजीव गुप्ता, प्रदीप यादव, नीरज मौर्या, अंशु कुशवाहा, अजय सरोज, उषा मौर्या, शैलेश गिरी, रामअवतार मौर्य आदि उपस्थित रहे।



