Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजन चौपाल में ग्रामीणों ने गिनायी समस्याएं

जन चौपाल में ग्रामीणों ने गिनायी समस्याएं

  • अधिकारियों से मिला आश्वासन, पात्रों को सौंपी गयी आवास की चाबी

जौनपुर धारा, जफराबाद। सिरकोनी ब्लॉक के अहमदपुर गांव में शुक्रवार को पंचायत भवन पर जन चौपाल लगाया गया। जन चौपाल में ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अनगिनत समस्यायें गिनायी और उनको तत्काल कराये जाने की मांग की जिस पर बीडीओ अस्मिता सेन ने जल्द से जल्द करवाने का आश्वासन दिया। पंचायत भवन पर सुबह से ही ग्रामीण जमा होने लगे थे। गांव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा से अपनी गुहार लगाने के इंतजार में थे। दोपहर एक बजने के बाद जिलाधिकारी के न आने की सूचना मिलने पर ग्रामीण मायूस हो गए। चौपाल में समाज कल्याण अधिकारी, जिलापूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, उप कृषि प्रतिसार अधिकारी डॉ. रमेश चन्द्र यादव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. परमहंस राय, समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल सहित अन्य कई अधिकारी मौजूद रहे। चौपाल में राशन कार्ड में नाम के सुधार, कृषि सम्बन्धी जानकारी, आवास के लिए अप्लाई करना, पेंशन सहित अन्य कार्यो के पात्रों अपात्रों की जानकारी तथा लाभ कैसे मिलेगा सभी जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के दौरान आधा दर्जन लोगों को उनके प्रधानमंत्री आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गयी। जनचौपाल में गांव के बुजुर्ग वंश नारायण सिंह, उज्जवल सिंह, हैप्पी सिंह सहित अन्य ने बीडीओ अस्मिता सेन से मांग करते हुए कहा कि गांव में प्राथमिक विद्यालय तथा जूनियर हाई स्कूल विद्यालय तथा छावनी निषाद बस्ती तथा राजभर बस्ती के लोगों के आने जाने के लिए रास्ता नहीं बन पाया। आपातकालीन स्थिति में किसी के बीमार होने पर गांव तक एंबुलेंस और चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाता है। मरीज या पीड़ित को परेशानी उठानी पड़ती है। ठाकुर बस्ती में घनी आबादी के बीच गंदे पानी से भरे हुए पोखरे से बदबू आती है जिसके कारण बीमारी फैलने की बात हर वर्ष सामने आती है। खंड विकास अधिकरी ने उनको आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके समस्या का समाधान किया जाएगा। मौके पर कई अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।