― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरचिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ो ने कराया भीषण गर्मी का एहसास

चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ो ने कराया भीषण गर्मी का एहसास

  • सुबह नौ बजे के बाद से ही चलने लगती है गर्म हवाएं
  • बढ़ते तापमान से लोगों को छूटा पसीना, अभी और सतायेगी गर्मी

जौनपुर धारा,जौनपुर। मई माह के सोमवार से गर्मी लगातार विकराल रूप ले रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43सेल्सियस पहुँच गया। दिनभर लू चलती रही तथा सड़कों पर आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह नौ बजे से ही चमड़ी उधेड़ लेने वाली धूप के साथ गर्म हवा चलने लगी। लू के थपेड़े से व्याकुल राहगीर शहर में कहीं छांव न होने के कारण धूप से बचाव का साधन खोजतें रहें। गर्मी द्वारा दिखाए जा रहे अपने क्रूर रूप से इंसान बेहाल रहा। लू के थपेड़ों ने भी अपना जमकर रंग दिखाना शुरू कर दिया है।

तपिश का आलम यह कि सुबह नौ बजे के बाद घर से निकलने वाले सिर व चेहरे को पूरी तरह गमछा-तौलिया आदि से ढ़के हुए निकल रहें हैं। 11 बजे के बाद तो आवश्यक कार्य पड़ने पर ही लोग घरों से निकलना चाह रहे थे। गर्म हवा के थपेड़ों से दुपहिया वाहन सवारों को अधिक परेशानी हुई। घर से बाहर निकलने वाला हर व्यक्ति छांव खोज रहा था। दिनभर सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशु भी 11 से पांच बजे के बीच नहीं दिखाई दिए। गर्मी की इस स्थिति से लोगों की शारीरिक व मानसिक परेशानी भी साफ दिखायी देने लगी है। सुबह दिन निकलते ही गर्म हवाओं के साथ सूरज आग बरसाना शुरू कर देता है। दोपहर होने से पहले ही गर्मी अपना रंग दिखाना शुरू कर देती है। दोपहर को लोगों का सड़कों पर निकलना दूभर हो जाता है। ऐसे में लोगों का परेशान होना लाजमी है। जिसके चलते मंगलवार को गर्मी अपने क्रूर रूप में दिखाई दी। पारा भी 43 के पार का दर्ज किया गया। इसके चलते लोगों का घर से कुछ देर बाहर रहना भी मुश्किल हो रहा है। कुल मिलाकर तेज धूप लोगों को सड़कों पर आने से रोक रही थी। दोपहर के समय क्षेत्र में लोग घरों में दुबक हुए नजर आए। जो लोग घरों से किसी कार्य के लिए निकले वे धूप से बचने के पहले ही एहतियात करके निकलते हुए दिखाई दिए। इससे भी बड़ी समस्या लू की रही। दोपहर के समय चली तेज गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। समस्या यह है कि गर्मी और लू के कारण बीमारियों ने भी लोगों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। गर्मी लोगों को शारीरिक ही नहीं मानसिक रूप से भी बीमार बना रही है। भीषण गर्मी से बचने के लिये सड़कों पर निकलने के पहले अच्छी तरह से मुह को ढक कर निकल रहें है। जहाँ एक तरफ भीषण गर्मी कहर बरपा रही है तो वहीं हीटवेव ने भी लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। तापमान वृद्धि को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी किया है कि आगामी 10 जून तक दक्षिण पश्चिम हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोग अपने घरों से निकलने में परहेज कर रहे है और जो लोग बाहर निकल भी रहे हैं तो अपने चेहरे व शरीर को पूरी तरह ढक कर निकलते हैं। गर्मी के कारण दोपहर में सड़के पूरी तरह वीरान रहीं। तापमान में बढ़ोतरी के कारण मवेशी भी पानी की तलाश में दर-दर भटक रहे है। मौसम में आए बदलाव के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई हैं। जिसमें से ज्यादातर बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं।

Share Now...