- कार्यदायी संस्था के मनमानी से कई घरों में घूसा नाले का पानी, हजारों की नुकसान
जौनपुर धारा, जौनपुर। जनपद में बीती मध्यरात्रि में हुई मूसलाधार बारिश से जहां नगर की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया। इसकी वजह नगर में कार्य कर रही अमृत योजना के अन्तर्गत चल रहे सीवर पाइप लाइन कार्य की कार्यदायी संस्था ही है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्य से सड़कों की हालत खस्ता हो गयी है। कहीं सड़के धंस जा रहीं है तो कहीं नाले का पानी लोगों के घरों में घुस जा रहा है।

बरसात में नगर के ताड़तला तूतीपुर रोड़ पर कार्यदायी संस्था की मनमानी का खामयाजा स्थानीय लोगों को झेलना पड़ा। किसी के जनरल स्टोर की दुकान में रखा हजारों का नुकसान हो गया तो किसी का गेहूँ और पानी भरने वाला मोटर ही बह गया। इस त्रासदी के लिए लोग कार्यदायी संस्था को ही दोषी मान रहे हैं। ऐसी दशा में सड़कें लोगों को एक संदेश भी दे रहीं है कि चलना जरा संभल के, कहीं गिर न जाना फिसल के।

नगर में अमृत योजना के अन्तर्गत कार्य करने वाली संस्था ने नगर के लोगों का रहना, सोना दुश्वार कर दिया है। आज शहर के मुख्य बाजारों व गली कूचों में गड्ढा खोद कर सीवर का कार्य चल रहा है। शुक्रवार/शनिवार की रात हुई मूसलाधार बरसात में ताड़तला तूतीपुर रोड पर कार्यदायी संस्था की मनमानी का खामियाजा स्थानीय लोगों को झेलना पड़ा। क्षेत्रिय लोगों ने बताया कि बीते दिनों कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने जबरियन बड़े नाले को बन्द कर सीवर वाली पाइप डाल दिया जो नाले में बह रहे पानी की क्षमता के सामने टिक नहीं सका। नाले को बन्द करते समय स्थानीय लोगों ने विरोध किया था कि यदि नाला बन्द किया जायेगा तो बहुत ही समस्या होगी, ये पाइप बरसात का पानी नहीं रोक पायेगी। बरसात में होने वाली इस समस्या को नजर अन्दाज कर नाले को बन्द कर दिया जिसका खामियाजा आधी रात को क्षेत्र के निवासियों को उठाना पड़ा। नाले का पानी पास न होने की वजह से लगभग 100 घरों में पानी घुस गया जिसके कारण मोहल लाल मौर्य का दो बोरी गेहूँ, एक पानी का मोटर सहित हजारों का नुकसान हुआ तो वहीं एक किराने की दुकान से लगभग डेढ़ कुंटल चीनी गन्दे पानी में बह गयी। अरहर की दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री नष्ट हो गयी। इस घटना से लोगों में काफी आक्रोश है। वहीं नाले के ऊपर बनी पुलिया भी आधी धंस गयी। बरसात में इन दिनों नगर के राहगीरों की फजीहत हो गई है। इसी कड़ी में सांसद श्याम सिंह यादव के कार्यालय से चन्द कदम की दूरी पर सड़क धंस गई तो वहीं सीएमओ आवास के सामने भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। नगर में आये दिन धंस रही सड़कों से लोग दहशत में है। वहीं कार्यदायी संस्था के एक कर्मचारी से बात की गई तो पता चला कि सारे काम जलकल विभाग के अवर अभियंता के निर्देश पर हो रहा है। घटना के जिम्मेदार हम नहीं विभाग के लोग हैं।



