- नाली से गैस बनाकर चाय बनाने की कोशिश
जौनपुर। जनपद में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में बुधवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव उषा जायसवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने नाली में पाइप डालकर गैस से चाय बनाने का प्रयास किया और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेत्री उषा जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पहले बताए गए ‘नाली से गैस बनानेÓ के दावे को उन्होंने व्यवहार में परखने की कोशिश की, लेकिन यह पूरी तरह असफल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के दावे वास्तविकता से दूर हैं और जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों की रसोई प्रभावित हो रही है। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उषा जायसवाल ने चेतावनी दी कि जब तक गैस की कीमतों में राहत और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक समाजवादी महिला सभा का यह सांकेतिक विरोध जारी रहेगा। इस दौरान पूनम यादव, पिंकी गुप्ता, सुशील यादव, मालती निषाद, शिल्पा जायसवाल, प्रीति जायसवाल, चंदा निषाद और पूनम निषाद सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



