Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरआपदा प्रबंधन पर विधान परिषद समिति की समीक्षा बैठक, पात्रों को शत-प्रतिशत...

आपदा प्रबंधन पर विधान परिषद समिति की समीक्षा बैठक, पात्रों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश

जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की समीक्षा बैठक वाराणसी स्थित सर्किट हाउस सभागार में सभापति लालजी प्रसाद निर्मल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जौनपुर जनपद के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने हीट वेव, बाढ़, नाव दुर्घटना, डूबने की घटनाएं, आकाशीय बिजली, सर्पदंश, आगजनी और पशु हानि जैसे विषयों पर अधिकारियों से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जिले में आपदा प्रबंधन को लेकर किए गए कार्यों और नवाचारों की प्रस्तुति दी। समिति ने निर्देश दिया कि आपदा पीड़ितों को राहत एवं सहायता राशि समय से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नदी के खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, आगजनी की घटनाओं में बिजली विभाग से समन्वय बढ़ाने और फायर ब्रिगेड के नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। सर्पदंश के मामलों में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और अस्पतालों में एंटीवेनम दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए साफ-सफाई, फॉगिंग और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। समिति ने स्पष्ट किया कि सरकार की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।