- पत्रकार वार्ता में बोले सांसद, कहा सीबीआई जांच पर करना चाहिए भरोसा
जौनपुर धारा, जौनपुर। सांसद श्याम सिंह यादव ने कहा कि मीडिया तो खिलाड़ियों का पक्ष लेती है। लेकिन जितना मैं बृज भूषण शरण सिंह को जानता हूँ उससे यह कह सकता हूँ कि खिलाड़ियों के आरोप से इत्तफाक नहीं करता। अब तो बृज भूषण शरण सिंह का कार्यकाल चन्द माह का बचा है और वह सीबीआई जांच की बात खुद कर रहे है ऐसे में खिलाड़ियों को सीबीआई जांच पर भरोसा करना चाहिए। बृज भूषण शरण सिंह तीन बार अध्यक्ष रह चुके हैं संवैधानिक रूप से चौथी बार अध्यक्ष नहीं रह सकते ऐसे में इस तरह के मुद्दों को सियासी तूल देना उचित नहीं लगता है। श्री यादव ने शनिवार को अपने आवास पर मीडिया से रूबरू होते हुए उक्त बातें कही। अन्य खेलों की भी चर्चा करते हुए उन्होंने भारत सरकार के खेल मंत्री को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्हे खेल के प्रति बेहद उदासीन बताया और कहा कि खेल मंत्री की वजह से खेल के स्तर में गिरावट भी आ रही है। इसी के साथ ही मीडिया के सवाल पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर बेबाक रूप से कहा कि यह किसी दल का व्यक्तिगत कार्यक्रम नहीं जो भी लोग भारत को एक रखने के पक्षधर हो सभी को इसमें शामिल होना चाहिए। इसे राजनैतिक दल से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। दल से उपर उठकर एक भारत की कल्पना को साकार करने में अपनी भूमिका देनी चाहिए। एक सवाल के जवाब में सांसद ने अपना स्पष्ट बयान दिया कि एक पार्टी के लोग उन्हे पप्पू प्रचारित करते है लेकिन राहुल ने कहा उनके नेता बहस कर ले लेकिन वे लोग तैयार नहीं हुए क्यों, हमारे समझ से राहुल गांधी प्राईम मिनिस्ट्रीयल कन्डीडेट है। अभी हम बसपा के सिपाही हैं और आगे भी रहेंगे। सांसद श्री यादव ने 2024 के लोक सभा चुनाव को लेकर किये गए सवाल पर कहा कि अभी जनता की सेवा का समय है जब चुनाव आयेगा तो उस पर बात होगी। जनपद की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि शहर के अन्दर सीवर प्लान्ट की खुदाई को लेकर आ रही समस्याओं का संज्ञान में लेते हुए बात आने पर सम्बन्धित को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। पत्र के सापेक्ष जांच कराये जाने का अश्वासन भी मिला है। जल्द ही जांच के बाद आख्या आने के बाद इस मुद्दे पर चर्चा की जायेगी। ओवर ब्रिज के मुद्दे पर स्पष्ट रूप से कहा कि हमने सेतु वन्धु योजना के तहत 7 ओवर ब्रिज की मांग किया था भारत सरकार के मंत्री गडकरी ने स्वीकृत प्रदान कर दिया था। मुंगराबादशाहपुर में कुछ बाधाओं के चलते विलंब संभव है शेष सभी प्रासेस में है नईगंज पर जल्द काम शुरू हो जायेगा। हम काम में विश्वास करते हुए काम कर रहे है। इस अवसर पर तमाम कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।



