- बरसठी पुलिस ने एक वांछित व्यक्ति को किया गिरफ्तार भेजा जेल
जौनपुर धारा, बरसठी। स्थानीय थानाअध्यक्ष गोविंद देव मिश्रा ने हमराहियों के गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर विभिन्न मुकदमों में वांछित अभियुक्त निशांत सिंह उर्फ प्रासु 32वर्ष पुत्र बब्बू सिंह निवासी ग्राम निगोह को चतुर्भुजपुर नहर पुलिया के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
- जमीनी विवाद में मारपीट, दर्जन घायल
जौनपुर धारा, बरसठी। स्थानीय थाना के महुआरी गांव में जमीनी विवाद को लेकर रविवार की रात को दो पक्षों के बीच मारपीट में एक दर्जन लोग घायल हो गये। पुलिस ने सभी का इलाज सीएचसी पर करवा रही है।
गांव के दिलीप ने आबादी की जमीन को रजिस्ट्री कराया था उसी जमीन को मातादीन भी अपनी बता रहा था। इसी बीच जमीन कब्जा को लेकर रात में दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी हुई देखते ही देखते नोक-झोक मारपीट में बदल गई। जिसमें एक पक्ष के दिलीप, अनिल, शेषमणि, शांति, लालजी,राधा, मीरा और दूसरे पक्ष से मातादीन, नान्हक, विजय, बृजेश को चोट आई। पुलिस दोनो पक्षो पर विधिक कार्यवाही करते हुए उपचार कराया।
- तीन अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर धारा, केराकत। स्थानीय क्षेत्र के खेपतपुर गांव निवासी लालचंद पुत्र बाबूराम 56 वर्ष, बाबूराम पुत्र रघुनाथ 74वर्ष व फूलचंद पुत्र सीताराम को संबंधित मुकदमे में गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक डॉ.अजय पाल शर्मा द्वारा चलाए जा रहे अभियान अपराध एवं अपराधियों एवं वांछित वारंटी अपराधी के गिरफ्तारी हेतु चलाए गए विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्रा द्वारा सोमवार को 3 नफर वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली टीम से अटल बिहारी मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुशील यादव व कांस्टेबल जितेंद्र यादव मौजूद रहे।
- दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ.अजय पाल शर्मा के आदेश के अनुपालन में चलाये जा रहे अपराध की रोकथाम अपराधियों की धरपकड़ व वांछित की गिरफ्तारी अभियान के तहत मु.अ.सं. 83/2023 धारा 323, 308, 504, 506, 427 आईपीसी एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त शैलेन्द्र कुमार दूबे पुत्र राधेश्याम दूबे, अरुण कुमार दूबे पुत्र शैलेन्द्र कुमार दूबे निवासीगण पवांरा को थानाध्यक्ष राज नरायन चौरसिया, उपनिरीक्षक मंजय यादव ने पुलिसटीम के साथ सोमवार की सुबह उनके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
- बाइक और ट्रक की टक्कर में युवक की मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के बारा गांव के पास बाइक और ट्रक की टक्कर में बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। लोगों के सहयोग से घायलवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। बादशाहपुर ब्लॉक के अवधेश सिंह 40 वर्ष बाइक से सुजानगंज की तरफ आ रहे थे तभी ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लाया गया। मोबाइल के माध्यम से पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़ फरार हो गया था।
- सड़क दुर्घटना में महिला घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ताखा डिग्री कालेज के समीप सड़क दुघर्टना में बेटे के साथ बाइक से घर जा रही मां बाइक से गिरकर घायल हो गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के अगूर्पुर कला गांव निवासी 55 वर्षीय बुधना देवी पत्नी राम आसरे सोमवार को अपने बेटे के साथ बाइक से दवा लेकर घर जा रही थी। ताखा डिग्री कालेज के समीप बाइक की टक्कर से बाइक से गिरकर घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के दौरान हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
- पैसा मांगने पर दबंगों ने दुकान में की तोड़फोड़, दो महिलाओं सहित चार घायल
जौनपुर धारा, सरायख्वाजा। स्थानीय थाना क्षेत्र के मेहरावां गांव की सड़क पर एक दुकान में दबंगों ने लूटपाट कर दुकानदार समेत चार लोगों की जमकर पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है। घटना रविवार की रात नौ बजे की है। पुलिस ने पीड़ित मीना कुमारी विन्द की तहरीर पर चार नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू किया है। बताया गया है कि रविवार की रात को आधा दर्जन लोग मीना कुमारी विन्द की जनरल स्टोर की दुकान पर पहुंचकर सामान लिया और पैसा मांगने पर पिटाई कर दुकान में तोड़फोड़ की। दबंगों ने बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र विन्द, सुरेन्द्र कुमार तथा सुशीला देवी व मीना कुमारी की लाठियों से जमकर पिटाई किया तथा दुकान व घर में तोड़फोड़ किया। सभी घायलों का पुलिस ने करंजाकला सीएससी पर उपचार कराया। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा धारा 323 504 427 552 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। भुक्त भेगी महेन्द्र विन्द सुरेन्द्र ने आरोप लगाया है कि गांव के प्रधान पति की साजिश व शह पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है।
- संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर हुई बैठक
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में माह जुलाई में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर एक बैठक की गई। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ केंद्र चोरसंड के डॉ. मनोज कुमार गौत्ाम द्वारा मच्छरजनित रोगों से बचाव हेतु प्रशिक्षण और जानकारी दी गई। दस्तक अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई। बैठक में आए सभासदों से डॉ. मनोज कुमार गौतम ने अपने आस-पास जैसे कूलर, नालियो, गड्ढों में पानी न इकट्ठा होने देने की अपील की। उन्होंने बताया कि पानी न एकत्र होने से मच्छर नहीं पैदा होंगे जिससे हम मलेरिया जैसी बीमारियों से बचे रहेंगे। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामनी सोनकर के पति दिनेश कुमार सोनकर एवं समस्त सभासदगण मौजूद रहे।
- छत्रपति शाहूजी महाराज की मनायी गयी जयन्ती
जौनपुर धारा, सिरकोनी। नगर पंचायत कजगांव में सोमवार को सरदार सेना के तत्वाधान में छत्रपति शाहूजी महाराज की जयन्ती धूमधाम से मनाई गयी। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सरदार सेना के जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार पटेल ने कहा कि छत्रपति साहू महाराज सच्चे प्रजातंत्रवादी और समाज सुधारक के रूप में जाने जाते थे। कार्यक्रम में सभी ने शाहूजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर श्याम सुन्दर पटेल, वृजेन्द्र पटेल, लालमन, विशाल पटेल, हरीशंकर पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- पन्द्रह हजार नकदी सहित मोबाइल और जेवरात की चोरी
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना के पुलिस चौकी क्षेत्र सरायमोहिउद्दीनपुर के चेतरहा गांव में बीती रात चोरों द्वारा पन्द्रह हजार नकदी समेत मोबाइल और लाखों के जेवरात की चोरी का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को लिखित रूप से सूचना दी गई है। बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी नरसिंह बहादुर सिंह के घर में रविवार की रात चोर घुस गए। घर के अन्दर रखी आलमारी का लाकर खोलकर उसमें रखा गया पन्द्रह हजार नकद, सोने की तीन अंगूठी, दो चैन, एक हार, कंगन और चांदी के सिक्कों समेत जाते जाते तीन सेट मोबाइल चोर उठा ले गये। घर में लगे इन्वर्टर और बैटरी के तार भी काट दिए गए थे, परन्तु मौके पर दोनों सुरक्षित रह गए। मामले में पीड़ित परिवार द्वारा लिखित रूप से सूचना देकर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की गयी है।
- सात दिवस के अन्दर खाली करें जर्जर भवन
जौनपुर धारा, जौनपुर। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद व अधिशासी अभियन्ता प्रान्तीय खण्ड लोनिवि के पत्रों द्वारा भवन सं0 155 (पूर्व सं0 126) शहाबुद्दीनपुर थाना कोतवाली के अत्यंत जर्जर होने एवं किसी भी समय स्वत: गिर जाने की संभावित जनहानि के दृष्टिगत 11 मई को नगर मजिस्ट्रेट के आदेश द्वारा उक्त भवन को ध्वस्त किये जाने के आदेश दिये गये है। इसके अतिरिक्त वाद सं0 2482/2023 विवेक कुमार व अन्य प्रति नपा परिषद व अन्य के धारा 133 द0प्र0 सं0 अंतर्गत आदेश द्वारा प्रश्नगत भवन सं. 155 को जनहित में गिरवाने के आदेश दिये गये है। यदि कोई व्यक्ति इस भवन के अध्यासन में है तो वह 7 दिवस के अन्दर इसे खाली करे अन्यथा विधि सम्मत कार्यवाही करते हुए प्रश्नगत जर्जर व कमजोर भवन को जनहित में ध्वस्त करा दिया जायेगा।
- दुष्कर्म का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव में एक युवक ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। क्षेत्र के ताखा पश्चिम गांव निवासी विपिन कुमार पुत्र राजेंद्र ने रविवार को गांव की ही एक किशोरी को बहला फुसलाकर अपने घर बुलाया। घर बुलाने के बाद किशोरी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जिसके बाद किशोरी को युवक ने धमकी दिया कि किसी कुछ कहोगी तो अच्छा नहीं होगा। पीड़ित किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पीड़ित की मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दिया। अपराध निरीक्षक जनार्दन यादव ने सोमवार की सुबह आरोपित युवक को रोडवेज परिसर से गिरफ्तार कर धारा 376/506 भादवि 5/6 पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान भेज दिया।



