― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

कई पुलिस कर्मियों का नहीं हुआ तबादला

(रामसरन यादव)

जौनपुर धारा ,केराकत। 30 सितंबर बीत जाने के बाद भी प्रदेश सरकार की गाइडलाइन पर अमल नहीं हो सका। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बीते माह यह घोषणा की थी कि प्रदेश के थानों समेत एक ही जिले में पिछले तीन सालों से जमे इंस्पेक्टर उप निरीक्षक और पुलिस कर्मियों का 30 सितंबर तक दूसरे जिलों में तबादला कर दिया जाएगा।लेकिन 30 सितंबर बीत गए फिर भी आज तक स्थानांतरण नहीं हुआ। जिले में बहुत से ऐसे पुलिसकर्मी है जो पिछले 3 साल से अधिक समय से घुमा फिरा कर एक ही स्थान/थाने पर कुंडली मारकर जमे हुए हैं। ऐसे ही मामला केराकत कोतवाली का संज्ञान में आया है जहाँ तैनात एक सिपाही वर्ष 2017 से ही जनपद में तैनात है। स्थिति यह है कि कार खास की भूमिका में रह रहे उक्त सिपाही पूर्व में लाइन हाजिर होने के बाद भी कुछ समय चन्दवक, लाइन बाजार इत्यादि थानों से घूम फिर कर पूनः केराकत कोतवाली पहुँच गया। सूत्र बताते हैं जिनका कार्य मात्र अपने अधिकारियों की गणेश परिक्रमा करने तक ही सीमित रहता है। बताया जाता है कि केराकत कोतवाली में कारखास की भूमिका अदा कर रहा है।

किसान गोष्ठी आयोजित कर दिखाई धान फसल की पैदावार

जौनपुर धारा, बक्शा। स्थानीय क्षेत्र अन्तर्गत गोपालपुर, सदौपुर गांव में कावेरी सीड्स कम्पनी हैदराबाद के कर्मचारियों के द्वारा उन्नत धान की लगाई गई फसल कावेरी सिल्क की क्राप कटिंग कर किसानों को पैदावार दिखाई गई। इसके साथ ही अच्छी किस्म के बीज बुवाई को लेकर जागरूक किया गया।इस दौरान कम्पनी के दिलीप दुबे द्वारा बताया गया कि फसल बुवाई के समय खेत में पर्याप्त नमी जरूर रहना चाहिए, इसके साथ ही मिट्टी की जांच कराकर आवश्यकतानुसार पोटास, नाइट्रोजन, फास्फोरस और अन्य रसायनों का प्रयोग करें। इसके साथ ही देशी और जैविक खाद का प्रयोग जरूर करें। इस दौरान किसान अशोक कुमार सिंह, रमाशंकर सिंह, सभा मिश्रा, जय प्रकाश सिंह, विजय पाल, आलोक सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रभात भूषण सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।

दुर्घटना में घायल महिला की अस्पताल में मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। शुक्रवार शाम को सुइथाकला क्षेत्र के खानपुर चौरवा के पास सड़क दुर्घटना में घायल महिला की रविवार दोपहर शाहगंज के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही की गई।

बूडूपुर निवासी आशा देवी पत्नी भारत निषाद शुक्रवार को अपने रिश्तेदारी में बुमकहां आई थी। देर शाम वहां से पैदल वापस लौटते समय शाहगंज-सूरापुर मार्ग स्थित खानपुर चौरवा के पास ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे स्वजनों ने उसे इलाज हेतु शाहगंज स्थित आर के हड्डी अस्पताल में भर्ती कराया था।

Share Now...