― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

दुष्कर्म व वीडियो प्रसारित करने का आरोपित गिरफ्तार

जौनपुर धारा, जौनपुर। शहर के लाइनबाजार थाना की पुलिस ने शादी करने का ख्वाब दिखाकर युवती की आबरू लूटने व वीडियो रिकार्डिंग कर सोशल मीडिया में वायरल करने के आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना के निरीक्षक विनीत मोहन पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जलालपुर थाना क्षेत्र के कुसियां गांव निवासी आरोपित विशाल सोनकर के मिले सुराग पर रोडवेज के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल अनूप राय, दीपक सिंह व कांस्टेबल विनय शंकर रहे। आरोप है कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से विशाल सोनकर का प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी का झांसा देकर वह युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो रिकार्डिंग कर ली। इसके बाद इंटरनेट मीडिया में प्रसारित करने की धमकी देकर यौन शोषण करने लगा। शादी के लिए दबाव बनाने पर इन्कार करते हुए वीडियो प्रसारित कर दिया। युवती के स्वजन ने लाइन बाजार थाने में लिखित सूचना दी। पुलिस के कोई कार्रवाई न करने पर सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीड़िता को साथ लेकर लाइन बाजार थाने का घेराव किया। तब पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म, गाली-गलौच व आइटी एक्ट की धाराओं में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया था। आरोपित का चालान कर गुरुवार को न्यायालय भेज दिया गया।

सर्पदंश में युवक की मौत, मचा कोहराम

जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र के जूड़ापुर गांव में बीती रात अट्ठाइस वर्षीय एक युवक की सर्पदंश में मौत हो गई। जिसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी अट्ठाइस वर्षीय पप्पू पुत्र राम आसरे की बुधवार रात सर्पदंश में मौत हो गई। रात भोजन के बाद युवक तख्ते पर सो रहा था। पैर में चुभन होने के बाद जब उसने उठकर देखा तो विषधर काट कर भाग रहा था। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे उपचार हेतु ले जाया गया किंतु हालत गंभीर होती चली गई। अंततः  शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास 5 वर्ष से भी कम उम्र की दो बेटियां हैं। घटना के बाद मृतक की पत्नी बेसुध सी हो गयी। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भोज कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में मारमीट

जौनपुर धारा, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजना में एक व्यक्ति के घर पर आयोजित भोज कार्यक्रम में दो पक्षों में किसी बात को लेकर गाली गलौज के बाद मारपीट हो गया। जिसमें सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी।

गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजना गांव के नजरे के घर बृहस्पतिवार को दोपहर में भोज कार्यक्रम का आयोजन था। जिसमे गांव के ही उमार निमंत्रण पर पहुचा था। इसी बीच किसी बात को लेकर उमार और नजरे के बीच गाली गलौज होते-होते मारपीट हो गई। जिसमें आरोप है कि उमार को मार पीट दिया गया। सूचना पर डायल-112 की पुलिस पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया।

डेढ़ महीने बाद भी चोरी गई बंदूक नहीं बरामद कर पाई पुलिस

जौनपुर धारा, खेतासराय। जैगहा में जेवर, नगदी के साथ चोरी हुई बंदूक की घटना के लगभग डेढ़ माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना के खुलासे को लेकर पुलिस ने हाथ पैर मारा लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है।नवागत थानाध्यक्ष के घटना का खुलासा करना तथा चोरी हुई लाइसेंसी बंदूक को बरामद करना किसी चुनौती से कम नही। स्थानीय थाना क्षेत्र के जैगहा बाजार निवासी हरीराम यादव रोज की भांति 15 अगस्त की रात घर की छत पर सोए थे। अगले दिन सुबह उठे तो छत से नीचे जाने का दरवाजा बंद मिला। किसी तरह नीचे पहुंचे तो पीछे गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। बॉक्स में रखी सोने की दो अंगूठी और घर में रखी एक नाली लाइसेंसी बंदूक और नगदी गायब था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज डागस्क्वायड और फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल की। लेकिन कोई सफलता मिली। जिसको लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्वाचक चिन्ह लग रहे है।

Share Now...