सर्पदंश से वृद्ध की हुई मौत
जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बेरमांव गांव में घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे एक वृद्ध की सर्पदंश से मौत हो गई।
उक्त ग्राम निवासी 72वर्षीय छविनाथ तिवारी अपने घर के सामने लगे घास को साफ कर रहे थे अचानक उनके पैर में सांप ने डस लिया। वह कुछ देर तक समझ नहीं पाए लेकिन सांप दिखने के बाद वह भयभीत हो कर गिर पड़े। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाने लगे लेकिन गांव के बाहर जाने के लिए मुकम्मल रास्ता न होने की वजह से उन्हें अस्पताल ले जाने में काफी परेशानी हुई। किसी तरह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर ले जाया गया। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पार्टी में असलहे से हवाई फायरिंग करने का वीडियो वायरल
जौनपुर धारा, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में जन्मदिन की पार्टी में पहुंचे लगभग एक दर्जन युवकों में से एक युवक द्वारा असलहे से हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो थाना क्षेत्र के भुइली गांव का बताया जा रहा है कि वो तीन दिन पहले के कार्यक्रम का है। ग्रामीणों ने दबी जुबान से बताया कि पुलिस फायर करने वाले आरोपित युवक को तो अभी तक पकड़ नहीं पायी है। लेकिन उस आयोजन में शामिल गांव के चार युवकों को बुधवार को पकड़ कर थाना ले आयी। जिन्हे गुरुवार की देर शाम छोड़ दिया गया।इस सम्बंध में एसओ रमेश कुमार से बात की गयी तो उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जतायी है।
बसंती देवी आईटीआई के छात्र ने जीती स्लो बाइक प्रतियोगिता
जौनपुर धारा, शाहगंज। पश्चिमी कौड़ियां स्थित बसंती देवी आईटीआई के पूर्व छात्र आकाश यादव ने जेसीआई शाहगंज सिटी द्वारा आयोजित स्लो बाइक प्रतियोगिता में भाग लेते हुआ विजेता के रूप में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।
आकाश की इस उपलब्धि के लिए बसंती देवी आईटीआई के निदेशक दिवाकर मिश्र ने प्रसन्नता जाहिर की। आकाश को बधाई देते हुए मिश्र ने आकाश को सभी क्षेत्रों में अव्वल आने के लिए शुभकामनाएं दी। आकाश विगत 4 सालों से इस प्रतियोगिता को जीतते आ रहे हैं। भाजपा नगर महामंत्री चिंताहरण शर्मा ने भी आकाश को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस अवसर पर इशनरायण मिश्र, विकास जायसवाल, सुनील तिवारी, राजेश यादव, सुरेंद्र प्रजापति, नरसिंह तिवारी, शुभम सिंह, रतन भण्डारी आदि उपस्थित रहे।
प्रसूता ने एंबुलेंस में दिया पुत्र को जन्म, जच्चा-बच्चा स्वस्थ
जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के खैरपारा गांव निवासिनी एक प्रसूता को एम्बुलेंस से सीएचसी लायें जाने के दौरान प्रसव पीड़ा के उपरांत बच्चे को जन्म दिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के खैरपार गांव निवासिनी सरिता यादव पत्नी लालचंद यादव गर्भवती थी। शुक्रवार की रात प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिजन एंबुलेंस से सीएचसी जा रहे थे। लोनियापट्टी गांव समीप रास्ते में ही प्रसव पीड़ा बढ़ने से महिला की हालत बिगड़ने लगी। ऐसे में एम्बुलेंस चालक ने लोनियापट्टी गांव समीप एंबुलेंस रोक दी। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी विपिन कुमार बिन्द ने महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद महिला व नवजात को पीएचसी लाकर उपचार कराया गया। जच्चा-बच्चा स्वस्थ बतायें जा रहें हैं।
जूनियर हाईस्कूल का एमडीएम का बर्तन चोरी
जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के नेहरूनगर जूनियर हाईस्कूल में गुरुवार की रात को चोर किचन का ताला तोड़कर एमडीएम का बर्तन उठा ले गए। घटना की सूचना सुबह स्कूल खुलने के बाद प्रधानाध्यापक भगेलू राम को हुई। उन्होंने प्रधान शशिकांत पाठक तथा पुलिस को घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि स्कूल का बच्चों खाना बनाने वाले बर्तन, बड़ी कराही के अलावा बच्चों का खाना-खाने वाली लगभग 100 थाली भी उठा के गए। ज्ञात हो अभी बुधवार को ही ऊक्त क्षेत्र के कोतवालपुर गांव के पंचायत भवन से कम्प्यूटर मॉनिटर, कुर्सी बैटरी आदि चोरी हुई थी। लगभग दस दिन पूर्व भी सुल्तानपुर द्वितीय गांव में पंचायत भवन से पाइप,सोलर पैनल आदि चोरी हुआ था।



