- जानलेवा हमले के दो आरोपितों को जेल
जौनपुर धारा, खुटहन। शाहपुर सानी गांव में लगभग एक पखवाड़ा पूर्व भूमि विवाद को लेकर अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक के ऊपर हुए जान लेवा हमले के मामले में आरोपित किए गए दो पड़ोसियों को पुलिस ने बुधवार को रामनगर बाजार से हिरासत में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को चालान न्यायालय भेज दिया गया।
पूर्व शिक्षक रामलवट यादव का आरोप था कि पखवाड़ा पूर्व भूमि विवाद को लेकर उनके पड़ोसी अजय यादव और उमेंद्र कुमार यादव उनके सिर पर लाठी से प्रहार कर उन्हें मरणासन्न कर दिए थे। घटना के बाद दोनों पक्षों की तरफ से मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। उधर घायल पूर्व शिक्षक की हालत देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया था। जहां उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा जारी की गई मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में जानलेवा हमले की धारा और जोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपितों को रामनगर बाजार से हिरासत में लिया गया।
- अधिकारियों संग ग्रामीणों ने ली पंच प्रण शपथ
जौनपुर धारा, मछलीशहर। क्षेत्र के ताजुद्दीनपुर ग्राम में स्थित शिव मंदिर के अमृत सरोवर पर ग्रामीणों संग अधिकारियों ने पंच प्रण शपथ ली है।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भारत देश को 2047 तक आत्म निर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने, समृद्ध विकास पर गर्व करने, गुलामी की मानसिकता को उखाड़ फेंकने, भारत की एकता को सुदृढ़ करने, देश की रक्षा करने वालो का सम्मान करने और देश नागरिक का कर्तव्य निभाने की शपथ ली। इसके बाद अमृत सरोवर पर पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया, खंड विकास अधिकारी सचिन कुमार, एडीओ पंचायत रामनिहोर, संयुक्त खंड विकास अधिकारी सतपाल सिंह, सहायक विकास अधिकारी लक्ष्मीशंकर, राकेश मणि त्रिपाठी, प्रदीप सिंह, ग्राम प्रधान हरीलाल यादव, हरिश्चन्द्र यादव, गोपी यादव आदि ने भाग लिया। इसी प्रकार कोतवाली परिसर में थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने पुलिस कर्मियों को शपथ दिलाई।
- छेड़खानी व पाक्सो का आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर धारा, खुटहन। थाना क्षेत्र के एक गांव में गत रविवार की रात घर के सामने छप्पर में सो रही किशोरी के साथ प्रयागराज से आकर ससुराल में रह रहे युवक के द्वारा दुराचार का प्रयास किए जाने के आरोपित को पुलिस ने बुधवार को खुटहन चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे चालान न्यायालय भेज दिया गया।
प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र के मोतीलाल पुरवा निवासी महेंद्र गौतम की उक्त गांव में ससुराल है। जहां वह लगभग पांच वर्षों से रह रहा है। किशोरी की माता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि महेंद्र आधी रात को छप्पर में सो रही उसकी नाबालिग पुत्री के बिस्तर पर पहुंच उसके साथ गंदी हरकत करने लगा। शोर मचाने पर आस पास के लोग पहुंच गए। मौके से वह फरार हो लिया। मामले में पुलिस ने दुराचार का प्रयास व पाक्सो ऐक्ट में केस दर्ज कर लिया।
- प्रमुख संग अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली पंच प्रण की शपथ
जौनपुर धारा, सुइथाकला। आजादी का अमृत महोतसव के अंतर्गत बुधवार से मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत ब्लाक परिसर प्रमुख विद्या तिवारी एवं खण्ड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र संग अन्य अधिकारियों ग्राम प्रधानों और कर्मचारियों ने पंच प्रण की शपथ ली। सभी ने प्रण लिया कि विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाऊंगा। गुलामी की मानसिकता मुक्ति के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चन्द्र तिवारी, एडीओ पंचायत राजेश कुमार, जितेंद्र शाह, हरिश्चंद्र यादव समेत अन्य समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी आदि लोग मौजूद रहे।
- आरोपियों के घरों को चिन्हित कर हुई पैमाइश
जौनपुर धारा, मीरगंज। क्षेत्र के गोधना किशुनदासपुर में मोहर्रम में नारे लगाने की घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार को नायब तहसीलदार मछलीशहर के नेतृत्व में आरोपियों के घर पहुंच कर उन्हे चिन्हित कर पैमाईश किया।
गौरतलब है की देश विरोधी गतिविधियों के चलते पुलिस 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया था। वहीं बुधवार 9 अगस्त को मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो में चिन्हित कुछ अन्य आरोपियों के घरों पर दबिश दिया। किन्तु घर पर सिर्फ महिलाए व छोटे छोटे बच्चे ही मिले। मोहर्रम के जुलूस में देश विरोधी नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियो की पुष्टि कर 33 लोगों पर विभिन्न धाराओ में मामला दर्ज किया था। वीडियो में दिख रहे चेहरों की पहचान के आधार पर पूर्व में कुल 33 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जिसके क्रम में राजस्व कर्मचारियों की टीम ने जमीन की पैमाइश की। इस टीम में कानून गो जय प्रकाश शर्मा, दिलीप शुक्ला सहित अन्य राजस्व कर्मचारियों की टीम मौजूद रही।
- मारपीट में मां बेटी घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत बड़ौना गांव में मामूली विवाद को लेकर हुई मारपीट में पट्टीदारों ने मां बेटी को पीटकर घायल कर दिया। परिजनों ने उक्त घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। क्षेत्र के उत्तâ गांव निवासी 50 वर्षीय बासमती देवी पत्नी राम मूरत बिंद व उनकी 18 वर्षीय पुत्री पूनम को मामूली विवाद को लेकर पूछताछ के दौरान पट्टीदारों ने मंगलवार की रात लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। परिजनों ने घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दोषियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- विषैले जंतु के काटने से युवक की मौत
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बगथरी गांव में बीती रात विषैले जंतु के काटने से एक युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे चौकी प्रभारी रामजी सैनी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। बताया जाता है कि उक्त गांव के रहने वाले बंटी 27 अपने घर मे सोया था। रात्रि में किसी जहरीले जंतु ने बंटी के हाथ में काट लिया। सूचना होने पर परिजन इलाज हेतु शहर ले जाते तब तक बंटी ने दम तोड़ दिया। गांव में हुई इस घटना से गांव में शोक व्याप्त है और क्षेत्र में तरह तरह की चर्चा है।



