- सड़क हादसे में युवक घायल
जौनपुर धारा, सुइथाकला। क्षेत्र में सड़क के किनारे खड़े टैंकर में भिड़ने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे सीएचसी ले जाया गया जहां उसकी हालत नाजुक देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी गयादीन का 2३ वर्षीय पुत्र बाइक से कहीं जा रहा था। इसी बीच डीहअसरफाबाद के पास पहुंचा था कि सड़क के किनारे खड़े टैंकर में पीछे से भिड़ गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे आनन फानन में सीएचसी ले गए जहां उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सक द्वारा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लोगों की मानें तो युवक शराब के नशे में था।
- सड़क दुघर्टना में बाइक सवार घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत निजमापुर गांव में सड़क दुघर्टना में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गढ्ढे में जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उक्त युवक को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के अमरेथु गांव निवासी ३0 वर्षीय नरेंद्र पांडे पुत्र इन्द्रमणि पांडे सोमवार की रात बाइक से अपने घर जा रहा था कि निजमापुर गांव के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गढ्ढे में चली गई जिसमें उक्त युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन फानन में इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
- चेयरमैन ने कराया समझौता
जौनपुर धारा, सिरकोनी। क्षेत्र के कजगांव नगर पंचायत में 26 जुलाई की शाम को टोटो की चपेट में आकर एक 72 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गयी थी। उस मामले को मंगलवार को कजगांव नगर पंचायत के चेयरमैन फिरोज खान ने सुलह समझौता करवा दिया। ज्ञात हो गद्दीपर गांव के सोनकर बस्ती निवासी बाबूराम सोनकर साइकिल से कस्बे के मुख्य बाजार में घर का सामान लेने गए थे। वह सामान लेकर लौट रहे थे उसी समय माधोपट्टी गांव की दलित बस्ती निवासी ज्ञानेंद्र कुमार गौतम अपने टोटो (बैटरी वाला रिक्शा) लेकर आ गया। अचानक इमरजेंसी ब्रेक मारने के कारण टोटो पलट गया था। उसकी चपेट में आकर बाबूराम गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया था जहां उपचार के बाद उनकी मौत हो गयी थी। अगल बगल के गांव के कारण काफी तनाव था। चेयरमैन फिरोज खान ने मामले को दोनों पक्षों के साथ बैठकर समझा बुझाकर शांत करवा दिया।
- किशोरी को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी को घर के बगल रिश्तेदारी आया एक युवक बहला-फुसलाकर एक पखवाड़े पूर्व भगा ले गया था। घटना की जानकारी जब किशोरी की मां को हुई तो उसने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश में जुट गई थी। मंगलवार की सुबह क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक वरूणेन्द्र राय ने रेलवे स्टेशन के समीप से कहीं भागने की फिराक में स्टेशन पर जा रहे किशोरी व युवक को रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने किशोरी को परिवार के लोगों को सुपुर्द कर आरोपित युवक का सम्बंधित धाराओं में चालान न्यायालय भेज दिया।
- अखिलेश मिश्रा को शहर कोतवाली का प्रभार
जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डा.अजय पाल शर्मा ने सोमवार की रात फिर पुलिस प्रशासन में भारी फेरबदल किया। पांच-पांच निरीक्षक व उप निरीक्षक के इधर से उधर किए जाने से आठ थानों के प्रभारी बदल गए हैं। सरायख्वाजा थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा को शहर कोतवाली का प्रभारी तैनात किया गया है। इसी क्रम में सतीश कुमार सिंह प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक थाना सरायख्वाजा, किशोर कुमार चौबे प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक थाना जफराबाद, पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत निरीक्षक उदय प्रताप सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना मीरगंज, निरीक्षक दीनानाथ पांडेय प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ से प्रभारी निरीक्षक थाना महराजगंज तैनात किए गए हैं। उप निरीक्षक यजुवेंद्र कुमार सिंह को थानाध्यक्ष बक्शा से थानाध्यक्ष मछलीशहर, राजाराम द्विवेदी को थानाध्यक्ष जफराबाद से थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर, विवेक कुमार तिवारी को थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर से थानाध्यक्ष बक्शा, बृजेश कुमार गुप्ता को थानाध्यक्ष मीरगंज से प्रभारी आइजीआरएस सेल और शैलेंद्र कुमार पांडेय को थानाध्यक्ष महराजगंज से स्वाट टीम में तैनात किया गया है।
- चार लाख की ठगी के आरोपित पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश
जौनपुर धारा, जौनपुर। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जौनपुर ने स्वशासी राजकीय मेडिकल कालेज सिद्दीकपुर में फार्मासिस्ट की नौकरी दिलाने के नाम पर 400000 ठगी करने के मामले में मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। शहर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज निवासी रामचंद्र पुत्र सति राम का संबंध गोरखपुर जनपद के गोला बाजार गोपालापुर परसिया रावत निवासी विनोद कुमार पुत्र अज्ञात व्यक्ति से हो गया। गोरखपुर के रहने वाले के कारण उसने अपना संबंध मंत्रालय तक पकड़ होने की बात का पक्का विश्वास दिलाया और यह विश्वास दिलाया कि सिद्दीकपुर मेडिकल कॉलेज में फार्मााfसस्ट के पद पर नियुक्ति करा देगा। रामचंद्र ने उसकी बात का विश्वास करके तीन किश्तों में रूपया 400000 दे दिया। पैसा लेने के बाद वह नियुक्ति पत्र देने के नाम पर तरह-तरह का बहाना करने वाले ने कई महीना उसे घुमाया लेकिन उसको फार्मासिस्ट की नियुक्ति पत्र नहीं मिला। जब उसे यह पूरा विश्वास हो गया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है तब वह न्यायालय में 156 ३ के तहत प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। विद्वान न्यायाधीश ने पत्रावली का अवलोकन कर और अधिवक्ता की ट्रकों को सुनकर लाइन बाजार पुलिस को निर्देशित किया कि वह मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना करें।
- जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार सायं सम्पन्न हुई। जनपद के मत्स्य पालन/व्यवसाय हेतु इच्छुक व्यक्तियों के लिए वित्तीय वर्ष 202३-24 में मत्स्य विभाग की योजनाओं, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना व मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना में आनलॉइन प्राप्त आवेदन पत्र के अभिलेखों के आधार पर सत्यापन उपरान्त अब तक प्राप्त कुल 601 आवेदनों में से 192 के निरस्तीकरण पर असंतोष व्यक्त किया और मुख्य कार्यकारी अघिकारी, मत्स्य को निर्देशित किया कि निरस्त आवेदनकर्ताओं से दूरभाष व अन्य किसी माध्यम से संपर्क कर उसके आवेदन पर हुए कमी को पूर्ण कर स्वीकृत कराये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता, सिंचाई विभाग, परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, उपायुक्त मनरेगा, मत्स्य वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र बक्सा, प्रबन्धक, जिला अग्रणी बैक, जिला प्रभारी, कृषि विज्ञान केन्द्र सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
- प्रेमचंद जयंती पर शहर समता विचार मंच की काव्य गोष्ठी
जौनपुर धारा, जौनपुर। शहर समता विचार मंच जौनपुर की महिला काव्य गोष्ठी डॉ. मधु पाठक के संयोजन में तथा अर्चना चौहान की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस काव्यगोष्ठी की मुख्य अतिथि रचना सक्सेना एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम श्रीवास्तव एवं डॉ. सुमन सिंह रहीं। यह काव्य गोष्ठी शाम 5 बजे से शाम 6.३0 बजे तक चली जिसका शुभारंभ अध्यक्षता कर रही अर्चना चौहान द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती की मूर्ति में माल्यार्पण द्वारा किया गया। सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति डॉ. मधु पाठक द्वारा की गयी। काव्य गोष्ठी का कुशल संचालन डॉ. मधु पाठक ने किया। इस काव्य गोष्ठी में सभी महिला रचनाकारों ने अपनी सुंदर रचनाओं की प्रस्तुति द्वारा आयोजन में चार चांद लगाया। जिसमें डॉ. सुमन सिंह ने आयल सावन मास मनभावन। डॉ. पूनम श्रीवास्तव ने उम्मीद के जल से सींचो, डॉ. नीलू सिंह ने काम अद्भुत करें भले सुकुमारि हयीं, अनामिका उपाध्याय ने मैं खुद को उतना न जानूं, भावना ने एक चंचल परी अब बड़ी हो गई, चेतना प्रकाश चितेरी ने मेरे प्यारे बच्चों, रचना सक्सेना ने नदी का अगरचे किनारा न होता, डॉ. मधु पाठक ने गर जिंदा है दिल में सावन रचना का पाठ किया। धन्यवाद ज्ञापन अनामिका उपाध्याय ने किया।
- एसपी कार्यालय पहुंचा दिव्यांग, लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर धारा, जौनपुर। बख्शा थाना क्षेत्र के मगरेतर गांव निवासी प्रमोद कुमार तिवारी ने एसपी को एक पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि उसके ही पड़ोसी सूरज तिवारी, पवन तिवारी, आकाश तिवारी और करमजीत तिवारी ने प्रमोद के मकान के सीध में डेढ़ फीट अंदर दीवार उठा ली है। दिव्यांग ने जब इसका विरोध किया तो उसे धमकाकर शांत कराने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इसकी सूचना बख्शा थाने में दी गई और डायल 112 पर दी गई। पुलिस तो आयी लेकिन काम नहीं रोका बल्कि निर्माण कराने में सहयोग दिया। आरोप है कि जब दिव्यांग अपने मकान का बारजा लगवाने लगा तो सभी लाठी डंडा लेकर खड़े हो गए और गाली-गलौज करने लगे और मकान का बारजा ढालने नहीं दिए। स्थानीय थाने पर शिकायत दर्ज न होने पर पीड़ित ने एसपी कार्यालय में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
- दो पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दी तहरीर, मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, जौनपुर। थाना क्षेत्र अन्तर्गत गौहानी निवासी एक दलित विवाहित महिला ने थाने पर तहरीर दिया कि ३0 जुलाई की रात्रि करीब 8:३0 बजे पड़ोस का रहने वाला विजय पटेल पुत्र रामअचल पटेल खिड़की के रास्ते मेरे घर में घुस गया उस समय मैं खाना बना रही थी। मेरे पास पहुंचकर छेड़खानी करने लगा। मेरे बच्चे जोर-जोर से रोने लगे और मैने शोर मचाया तो विजय पटेल घर से भागने लगा तब मेरे पति व सास भी आ गये और वह मेरे पति को धक्का देते हुए पड़ोस के एक व्यक्ति के घर में जाकर छिप गया। जब हम लोग उनके घर में पहुंचे तो उसने मेरे परिवार वालों को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर के आधार पर विजय पटेल के खिलाफ छेड़खानी, एससी/एसटी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है। वहीं विजय कुमार पटेल ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर मेरे पड़ोस की हृदयलाल सहित चार लोगों ने मुझको गाली देते हुए मारने-पीटने लगे। मैं अपने आपको बचाने के लिए दूसरे के घर में भागा तो उपरोक्त लोग घर में घुसकर मुझे मारापीटा व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस विजय पटेल की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।
- बाजार में पति को प्रेमिका के साथ देख पत्नी ने किया बवाल
जौनपुर धारा, जफराबाद। स्थानीय कस्बे के ऑटो स्टैंड के पास मंगलवार को पति को दूसरी महिला के साथ देख कर पत्नी ने जमकर बवाल मचाया। पति को कोसती रही तथा प्रेमिका को गालियां देकर भगाया। लोग यह देख भौंचक रह गए। उक्त स्थान पर ३5 वर्षीय युवक एक महिला से बातचीत कर रहा था। सूत्रों की माने तो इसकी जानकारी युवक के गांव के एक व्यक्ति ने युवक की पत्नी को दे दिया। युवक की पत्नी दस मिनट के भीतर ऑटो रिक्शा से उक्त स्थान पर पहुंच गई। वहां पहुंचते ही उसने अपने पति को एक पड़ोस की महिला के साथ देख लिया। उस महिला से युवक का सम्बंध पहले से है। यह बात उसकी पत्नी को मालूम है। पत्नी का पति से इसी बात को लेकर कई बार झगड़ा व मारपीट भी हो चुकी है। दोनों के परिजनों के बीच पंचायत भी हो चुकी है। पत्नी ने जमकर बवाल मचाया तो पति तो सहम गया तथा महिला वहां से भाग निकली।
- यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर शिवम ने बढ़ाया मान
जौनपुर धारा, नेवढ़िया। स्थानीय क्षेत्र के धनेथू बिराजीपुर ग्राम निवासी शिवम दुबे ने अपने प्रथम प्रयास में ही यूजीसी नेट की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने गांव को गौरवान्वित किया है। जानकारी के मुताबिक शिवम वर्तमान समय में काशी हिंदू विश्वविद्यालय से ट.अ. की पढ़ाई कर रहे हैं और उन्होंने यह परीक्षा समाजशास्त्र विषय में ट.अ. में अध्यनरत होते हुए किया है। खुशी के इस अवसर पर विभाग के विभागाध्यक्ष समेत अन्य शिक्षकों ने शिवम को बधाई दी।



