- ई-स्टाम्प बेचने में की जा रही है खुले आम लूटपाट
जौनपुर धारा, मछलीशहर। स्थानीय तहसील परिसर और अगल-बगल के दुकानदार खुलेआम स्टांप का दुगना मूल्य ले रहे हैं जिससे गरीब जनता परेशान है और इस लूटपाट की शिकायत को सुनने वाला तहसील स्तर पर कोई अधिकारी मौजूद नहीं है।
स्टांप वेंडर द्वारा खुलेआम 10 का स्टांप 20 रूपये के मूल्य पर बेचा जा रहा है। इसी प्रकार 20, 50 और 100 के स्टांप भी अधिक मूल्य पर बेचे जा रहे हैं। विरोध करने पर स्टाम्प वेंडरों द्वारा स्टाम्प देने से ही इनकार कर दिया जाता है। मजबूरी में अधिवक्ताओं, फरियादियों और वादकारियों को निर्धारित दर से अधिक मूल्य देना पड़ रहा है। कुछ वर्ष पूर्व स्थानीय एक अधिवक्ता ने तहसील दिवस पर आए तत्कालीन जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की थी जिस पर जिलाधिकारी ने बसंतलाल नामक स्टाम्प वेंडर का लाइसेंस रद्द कर दिया था।
- जमीनी विवाद में चले लाठी डंडे, कई घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र के संसारपट्टी गांव में बुधवार को जमीनी विवाद में हुई कहासुनी के दौरान मारपीट में जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान दोनों पक्षों से कुल मिलाकर लगभग आठ लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों का सीएचसी पर मेडिकल परीक्षण कराते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि उक्त गांव में बुधवार सुबह जमीनी विवाद में हुई कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई। जिसमें जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान जहां एक पक्ष से शिवकुमार, अवनीश पुत्र शिवकुमार, कौशल पुत्र सुरेंद्र उपाध्याय व अर्चना पुत्री शिवकुमार घायल हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से रिषभ सिंह, आदित्य सिंह, अवनीश कुमार सिंह व वैभव के घायल होने का मामला सामने आया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों का सीएचसी पर मेडिकल परीक्षण कराते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसमें प्रथम पक्ष से अवनीश पुत्र शिवकुमार की हालत गंभीर देख चिकित्सक द्वारा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
- विकास खण्ड बक्शा में आयोजित साक्षात्कार में 149 हुए सफल
जौनपुर धारा, जौनपुर। बुधवार को विकास खण्ड के सभागार में विकास खण्ड स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया, जिसमें 395 बेरोजगारों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार में 149 सफल प्रतियोगियों का चयन मौके पर उपस्थित कंपनियों द्वारा किया गया।
जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन शशिकांत सरोज ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, सेवायोजन विभाग व कौशल विकास मिशन के सयुक्त तत्वाधान में विकास खंड स्तरीय निःशुल्क रोजगार मेला का आयोजन कराया जा रहा है। जो कि 31जनवरी 2024 तक सभी ब्लाक में क्रमशः लगाया जाएगा। बक्शा ब्लॉक में आयोजित रोजगार मेला में विभिन्न क्षेत्रों की 07कंपनियों ने साक्षात्कार करके अभ्यर्थियों का चयन किया। उन्होंने बताया कि 29दिसम्बर को मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक परिसर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मेला प्रभारी शिवकुमार यादव, प्रभात पांडेय, अनूप पांडेय, संजीव सिंह समेत सभी कंपनियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- नये मतदाताओं को जोड़ने के साथ साथ मृतक वोटरों को करें विलोपित
जौनपुर धारा, खुटहन। ब्लाक मुख्यालय के सभागार में बुधवार को उपजिलाधिकारी शाहगंज शैलेन्द्र कुमार की मौजूदगी में मतदाता सूची में नाम बढ़ाने और मृतकों को विलोपित करने को लेकर बैठक की गई। एसडीएम ने कहा कि 18वर्ष पूर्ण कर लेने वाले सभी युवक और युवतियां का नाम सूची में अवश्य सामिल किया जाना चाहिए। इसके अलावा गांवों में ऐसे भी मतदाता होंगे जो अधिक उम्र होने के बाद भी सूची में नाम नहीं दर्ज है।उन्हें चिन्हित कर नाम सामिल करें। उन्होंने कहा कि मृतक मतदाताओं के घर-घर जाकर जांच पड़ताल करके उनका नाम विलोपित करें। इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो जिम्मेदार बिएलओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इस मौके पर बीडीओ गौरवेंद्र सिंह, सीडीपीओ सुरेश यादव, संजीव गुप्ता, अखिलेश वर्मा, संदीप यादव, दीपक यादव, स्वदेश यादव, सिम्मी सिंह आदि मौजूद रहीं।



