― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरकोहरे ने तानी चादर, वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक

कोहरे ने तानी चादर, वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक

जौनपुर। शनिवार की सुबह घने कोहरे की चादर से सड़कें ढकी नजर आई। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। घने कोहरे के बीच वाहन हेड लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। ठंड के बीच स्थानीय लोगों को इस सीजन के पहले घने कोहरे का सामना करना पड़ा। घने कोहरे और ठंड के बीच स्कूली बच्चों को सुबह बिलंब से स्कूल पहुंचना पड़ा। कोहरे के कारण कई ट्रेनें भी विलंबित रहीं। जिले में ठंडक लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने से लोगों को ठंड का भी अधिक एहसास हुआ। तापमान में आई गिरावट से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, जिससे जनजीवन ठहर सा गया है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ सूरज ने दर्शन दिए तो धूप खिली। इससे दोपहर तक लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं, शाम होते ही चली सर्द हवा ने लोगों की फिर कंपकंपी छुड़ा दी। सर्दियों की वजह से शहर की मुख्य सड़कों व बाजार में सन्नाटा पसर गया। सुबह घना कोहरा छाने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया, मार्गों से आने-जाने में वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कोहरा इतना घना था कि पास के ही कोई चीज दिखाई नहीं पड़ रही थी, साथ ही ठंड का भी प्रकोप बढ़ गया है। ठंड से बचाव के लिए एक तरफ जहां लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया, वहीं बुजुर्गों सहित अन्य लोग अलाव के पास बैठे रहे। अचानक मौसम में परिवर्तन से लोग ठिठुरते नजर आए। पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बदला हुआ था। दिन में अच्छी धूप हो रही थी। चिकित्सकों की माने तो ठंड को कत्तई नजर अंदाज न करें वरना भुगतना पड़ सकता है। मार्निग वाकर्स खासतौर पर अपना ख्याल रखें। कोहरे में टहलना दिल के लिए ठीक नहीं है। टहलने निकलें तो पूरे कपड़े पहनकर, ठंडे पानी से स्नान को भी डाक्टर सही नहीं मानते।

Share Now...