- ब्लाक मुख्यालय में आयोजित किसान गोष्ठी में दी गई उर्वरकों के सही प्रयोग की जानकारी
जौनपुर धारा, सिकरारा। ब्लाक परिसर के सभागार भवन में शुक्रवार को इफको द्वारा किसान गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में किसानों को कम लागत में अधिक उपज कैसे प्राप्त करें और उर्वरकों के प्रयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। कहा कि किसानों को जैविक खेती करने के तरीके बताने के साथ उन्हें कृषि विभाग की योजनाओं से भी उन्हें परिचित कराना सुनिश्चित करें। अध्यक्षता कर रहे खंड विकास अधिकारी सर्वेश मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि किसानों के हित के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की जो भी योजनाए संचालित हैं उसका लाभ उठाकर किसान आय दोगुना कर रहा है। साघन सहकारी समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश नाथ सिंह, एडीसीओ सतीश चंद्र व इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय यादव ने किसानों को इफको नैनो यूरिया से होने वाले लाभ को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए समिति सचिवों व किसानों से आग्रह किया। नैनो यूरिया की उपयोगिता के बारे में बताया कि इसके उपयोग से भूमि प्रदूषण, जल प्रदूषण व वायु प्रदूषण जैसे दुष्प्रभावों से बच सकते हैं तथा उत्पादन में वृद्धि भी की जा सकती है। कार्यक्रम मे एडीओ एसटी श्वेता शर्मा, एडीओ एजी शरद कुमार पटेल, भाजपा नेता नरेंद्र विश्वकर्मा, प्रदीप शंकर श्रीवास्तव, राजकुमार पांडेय, अखिलेश सरोज, विवेकानंद यादव, अर्पिता चौरसिया, नवीन यादव, केके मिश्र, रजनीश पांडेय आदि प्रमुख रहे। संचालन एडीओ ब्रह्मजीत सिंह ने किया। आभार ब्लाक प्रमुख के बड़े भाई समाजसेवी धीरू सिंह ने ज्ञापित किया।



