- सिरकोनी में महिला को बचाने के चक्कर में परिवार के आधा दर्जन झुलसे
जौनपुर धारा, जौनपुर। अलग-अलग स्थानों पर करंट की चपेट में आने से महिला व बालक की जान चली गई। दस और लोग झुलस गए। सभी को प्राथमिक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं एक अधेड़ अढ़तिया की भी करंट से मौत हो गयी। सिरकोनी संवाददाता के अनुसार: जफराबाद के कुतलुपुर गांव निवासी रमा शंकर चौहान की पिछले सप्ताह पूर्व जफराबाद बाईपास पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। शोक संवेदना जताने को आए नात-रिश्तेदार व स्वजन आंगन में लोहे की पाइप वाली चारपाई पर सोए थे। हवा के लिए फर्राटा पंखा लगा था। रमा शंकर चौहान के पुत्र अखिलेश की पत्नी सुमन चारपाई खड़ी कर रही थी। चारपाई की पाइप से फर्राटा पंखे का तार कट गया। करंट की चपेट में आकर सुमन झुलसने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर उसे चारपाई से अलग करने के फेर में उमेश चौहान, रूपेश चौहान, सत्यम चौहान, शिवम, पूनम, सोनी, अंजना, रागिनी, नीतू, चंदा, व गुंजन चौहान भी करंट की जद में आ गये। अखिलेश चौहान ने बुद्धिमता दिखाते हुए घर के बाहर जाकर डंडे से घर में आए मेन केबल को तोड़ दिया। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार: थाना क्षेत्र के ओईना में मंगलवार को अरविंद पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। शाम का कार्यक्रम के समापन के बाद किसी ने राष्ट्रीय ध्वज उतारा। उसमें लगा लोहे की पाइप स्व. ओम प्रकाश चौहान के 12 वर्षीय आकाश को रखने के लिए दे दिया। पाइप ले जाते समय विद्यालय के पास ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से छू गया। करंट लगने से बालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्वजन उसे जिला अस्पताल ले गए। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खुटहन प्रतिनिधि के अनुसार: क्षेत्र के सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान चलाने वाले अधेड़ का बुधवार की सुबह दुकान पर लगे फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया। पिलकिछा दौलतपुर गांव निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश गुप्ता सब्जी मंडी में अपनी दुकान चलाते थे। बुधवार को गर्मी अधिक होने के कारण वे दुकान में रखा फर्राटा पंखा चालू कर उसे हाथ में पकड़ बाहर लाने लगे। अचानक वे बेहोश होकर गिर गये। पंखा उनके ऊपर आ गिरा। अगल बगल के दुकानदार भाग कर आए। बोर्ड से बटन बंद कर उन्हें तत्काल सीएचसी ले गए जहां देखते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोते बिलखते स्वजन शव लेकर घर चले गए जहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।



