जौनपुर धारा, जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाई स्कूल और इण्टरमीडिएट की परीक्षा गुरुवार को प्रारम्भ हो गया। परीक्षा क्षेत्र के विभिन्न केन्द्रों पर शान्ति पूर्ण माहौल में हुआ। इस दौरान केन्द्र पर संघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश कराया गया। प्रथम पाली की शुरुआत 8.30बजे से हाई स्कूल के हिन्दी विषय से हुई। यूपी बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो गईं।

जौनपुर में परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहली पाली में दसवीं के छात्रों की हिंदी की परीक्षा रही। परीक्षा के बाद परीक्षार्थी बेहद खुश थे। इस वर्ष परीक्षाएं मात्र 12 कार्य दिवसों में ही संपन्न होंगी। पहली बार परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर तैनात कक्ष निरीक्षकों को कर कोड में क्रमांक युक्त कंप्यूटराइज्ड परिचय पत्र दिए गए हैं। नकल पर अंकुश के लिए प्रश्नपत्र सीसीटीवी की निगरानी में खोले गए। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में समय के साथ कई बदलाव और भी देखने को मिले। यह पहला मौका था जब वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा सुबह 8.30 बजे से शुरू हुई। इससे पूर्व यूपी बोर्ड की पहली पाली सुबह साढ़े सात और उसके बाद आठ बजे से शुरू होती थी। परीक्षा आरंभ होने से करीब एक घंटे पहले यानी साढ़े सात बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश देना शुरू हो गया था। सभी परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र में फोटो से मिलान कर और सघन चेकिंग करने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया। इसके अलावा हर परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की तैनाती रहीं। सीसीटीवी कैमरों से भी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी सुबह ही केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए निकल पड़े। परीक्षा में व्याकरण, गद्यांश, पद्यांश के अतिरिक्त निबंध आसान था। पर्यावरण प्रदूषण, त्यौहार आदि पर निबंध ज्यादा परीक्षार्थियों ने लिखा। नई शिक्षा नीति व इंटरनेट पर निबंध बहुत कम परीक्षार्थियों ने लिखा। अति लघु उत्तरीय प्रश्न भी आसान बताए। कुल मिलाकर हाईस्कूल हिंदी का पेपर बंपर नंबर लाने वाला रहा।



