- आभूषण सहित नकदी उठा ले गये चोर
- हौसला बुलन्द चोरों ने घटना को दिया अंजाम
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थानाक्षेत्र के अन्तर्गत सेमरिया, बनकट व पवांरा में सोमवार की बीती रात्रि हौसला बुलन्द चोरों ने तीन घरों में घुसकर नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गये। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त थानाक्षेत्र के अन्तर्गत पवांरा बाजार में सोमवार की बीती रात्रि हौसला बुलन्द चोर अनन्तलाल जायसवाल पुत्र स्व.राधेश्याम जायसवाल के किसी तरह छत पर चढ़ गये और सीढ़ियों से नीचे उतकर घर में घुस गये और दो कमरों का ताला तोड़कर एक कमरे में रखे बॉक्स को तोड़कर उसमें रखे दो अटैची को तोड़कर उसमें रखा सत्तर हजार रुपये नकद व दूसरे कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर बहुओं देने के लिए रखे सोने के गहने व आभूषण व ब्यूटी पार्लर की दुकान में रखे नकदी सहित लगभग नौ लाख का सामान लेकर फरार हो गये। सुबह जब अनन्तलाल की पत्नी उठी तो देखा कि ताला टूटा हुआ है और आलमारी व अटैची में रखे आभूषण व रुपये गायब हैं। यह देखकर वह रोने लगी और बेहोश गयी। वहीं उसी रात्रि हौसला बुलन्द चोर सेमरिया गांव में डॉ.सूर्यमणि यादव पुत्र नन्हकूराम यादव के छत पर चढ़कर सीढ़ी के सहारे घर के अन्दर घुस गये और परिवार के सदस्य जिन-जिन कमरों में सो रहे थे उन कमरों का बाहर से ताला बन्द कर दिये तथा एक कमरे का ताला तोड़कर अन्दर रखा बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये नकद व लगभग दस लाख के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया और दुर्गा प्रसाद पाण्डेय के घर की खिड़की काट रहे थे कि परिवार के किसी सदस्य के जागने पर चोर फरार हो गये। उसी रात्रि बनकट गांव में विनोद कुमार तिवारी पुत्र प्रसिद्ध नारायण तिवारी के घर के एक कमरे का ताला तोड़कर अन्दर घुस गये और अन्दर रखा आलमारी व बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखा दो लाख रुपये नकद व लगभग सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये। घटना की सूचना पर सुबह थानाध्यक्ष राजनरायन चौरसिया पुलिसबल के साथ तीनों जगहों पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गये। बाद में फारेन्सिक टीम भी आयी। तीनों जगहों पर हुई चोरी को मिलाकर कुल लगभग तीस लाख की चोरी हुई है। वहीं हुई इतनी बड़ी घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं पुलिस कुछ संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ में जुटी है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस की शिथिलता के कारण आये दिन चोरियों हो रही हैं।



