- 13 एवं 14 अगस्त को मनाया जाएगा चेहलुम
जौनपुर। जौनपुर का ऐतिहासिक चेहलुम चंद्र दर्शन के अनुसार 13 एवं 14 अगस्त 2025 को मनाया जायेगा। चेहलुम के मद्देनज़र कमेटी का प्रतिनिधि मंडल कार्यवाहक मोतवल्ली सैय्यद लाडले हसन ज़ैदी के नेतृत्व में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर चेहलुम में नागरिक सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग किया। इस मौके पर कार्यवाहक मोतवल्ली सैय्यद लाडले हसन ज़ैदी ने बताया कि इस ऐतिहासिक चेहलुम को देश के क्षितिज पर एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है जिसके कारण इसे मनाने के लिए देश के चारो ओर से सभी सम्प्रदाय के श्रद्धालु हजारों की संख्या में यहा उपस्थित होकर हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम को अपना श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आरम्भ 13अगस्त 2025 को 8 बजे रात में इमाम चौक पर ताजिया रखने से होगा। तत्पश्चात शब्बेदारी के आयोजनार्थ एक मजलिस होगी मजलिस की समाप्ति पर जौनपुर नगर एवं बाहर से आयी अंजुमनों का नौहा व मातम अनवरत रूप से रातभर चलता है। प्रात: 5बजें एक मजलिस होगी जिसके बाद आग में दहकती जंजीरों का मातम अंजुमन गुलशने इस्लाम रजिस्टर्ड करेगी इस कार्यक्रम का संचालन सैय्यद अकबर हुसैन जैदी एडवोकेट करेंगे। दूसरे दिन 14 अगस्त को कार्यक्रम का आरम्भ दोपहर 1बजे मजलिस से होगा। जिसको मौलाना सैय्यद नदीम जैदी साहब फैजाबादी सम्बोधित करेंगे। मजलिस की समाप्ति पर इमामबाड़े से एक ऐतिहासिक तुर्बत निकाली जायेगी जो ताजिये के साथ एक जुलूस के रूप में अपने निर्धारित रास्तों-पानदरीबा रोड,हमाम दरवाजा, काजी की गली, पुरानीबाजार होता हुआ सदर इमामबाड़ा जौनपुर पर समाप्त होगा। इस कार्यक्रम का संचालन सैय्यद कबीर जैदी साहब करेगे। जैदी ने उक्त ऐतिहासिक चेहलुम के अवसर पर प्रशासन से पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सफाई एवं नागरिक सुविधायें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है तथ उक्त कार्यक्रम को सौहार्दपूर्ण एवं शान्तिपूर्वक ढंग से मनाने के लिए जिले के समस्त नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है।



