Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरआस्था का जल लेकर शिवालयों पर श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

आस्था का जल लेकर शिवालयों पर श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

  • बोल बम के नारों से गुंजायमान रहा नगर, धूमधाम से निकली शिव बारात

जौनपुर। रविवार को महाशिवरात्रि उत्साव को लेकर सूर्योदय के साथ ही नगर के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा रहा, जो देर शाम तक अनवरत जारी रहा। जौनपुर के शिवालयों और नदी के तटों पर आस्थावानों का जमावडा हुआ तो, हर हर महादेव के उद्घोष से चारों दिशाएं गूंज उठीं। स्नान दान के साथ ही जगह-जगह लंगर भी चला।

महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर रविवार को देवाधिदेव भगवान शिव की पूजा अर्चना के लिए भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही श्रद्धालु बोल बम का नारा लगाते हुए शिवालयों की ओर कूच कर दिए। इस दौरान शिव बारात संग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। जिले भर के शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। भोलेनाथ को जल चढ़ाने व पूजन-अर्चन करने के लिए सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं के आस्था का सैलाब उमड़ रहा।

जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में आधी रात से ही भक्तों का रेला लगा रहा। रात भर मंदिरों में भजन-कीर्तन व पूजा-अर्चना होती रही। मंदिर के बाहर कतारबद्ध खड़े होकर शिवभक्त हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयकारे लगाते रहे। मंदिरों पर पुलिस की भारी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई।

इसी क्रम में धर्मापुर के ऐतिहासिक शिव मंदिर, सिकरारा के शक्तेश्वर नाथ महादेव, अजोशी धाम में स्थित रावणेश्वर धाम, करसूलनाथ धाम में शिव भक्तों की भीड़ सुबह से ही उमड़ पड़ी थी। भारी संख्या मे शिव भक्तों का नगर के बारीनाथ मठ, जागेश्वरनाथ मंदिर आलमगंज, ओमेशोनाथ मंदिर रासमण्डल, शाहीपुल स्थित गोमतेश्वर नाथ मंदिर, गोपी घाट, मैहर देवी, सहित आदि शिवालयों पर सुबह से ही जलाभिषेक करने हेतु तांता लगा रहा। भक्तों ने दूध, लावा, बेलपत्र, धतूर, ईख, भांग, माला-फूल आदि से जलाभिषेक किया। शहर के विभिन्न धार्मिक संस्थाओं द्वारा प्रसाद व ठण्डई का वितरण किया गया।

इसी क्रम में चहारसू चौराहा पर बोल बम कांवरिया संघ द्वारा बाबा भेलेनाथ का भव्य ऋृंगार कर प्रसाद वितरण किया गया। शाम को संकीर्तन मण्डल द्वारा भगवान भेलेनाथ की शिवबारात गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला अस्पताल पहुंचकर समाप्त हो गयी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। पी.ए.सी.और महिला कांस्टेबल सहित विभिन्न थानों की पुलिस तैनात की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं।

शिव मन्दिरों में सुबह से ही लगी लम्बी कतारें

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। त्रिलोचन महादेव, गौरी शंकर महादेव, साईं नाथ महादेव, रामेश्वर महादेव और धर्मापुर स्थित महादेव मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर स्थित गौरीशंकर धाम एक प्राचीन शक्तिपीठ है। यहां अर्धनारीश्वर स्वरूप में स्वयंभू शिवलिंग विराजमान हैं। 14वीं सदी की एक रोचक कथा के अनुसार, एक व्यक्ति को यहां एक गाय को काले पत्थर पर स्वयं दूध चढ़ाते देखा। बाद में स्वप्न के आदेश पर इसी स्थान पर मंदिर का निर्माण किया गया।

त्रिलोचन महादेव के दरबार में भक्तों ने चढ़ाया जल

देवों के देव महादेव त्रिपुरारी शंकर की नगरी त्रिलोचन महादेव मंदिर पर शिवरात्रि के दिन भोर से ही शिव भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव के गगन भेदी नारो से पूरा मंदिर गूंजायमान रहा। त्रिलोचन महादेव मंदिर की मान्यता है कि काशी विश्वनाथ के दर्शन के बाद यहां पूजन करना चाहिए। मंदिर के पास स्थित तालाब में स्नान से चर्म रोग दूर होती हैै। महाशिवरात्रि पर इस तालाब में स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु शिवभक्तों ने भोर से ही लाइन में लगकर बेलपत्र, धतूरा, गन्ना, अक्षत, रोली, धूप, अगरबत्ती दूध आदि लेकर पूरे विधि-विधान के साथ पूजन अर्चन कर जलाभिषेक किया। ऐसी मान्यता है कि इस दिन शिव और शक्ति का मिलन हुआ था। इस शुभ दिन माता पार्वती और महादेव का पवित्र विवाह संपन्न हुआ था। मेले में मिठाइयों एवं धरेलू सामानो की दुकानों पर खरीददारी करते हुए भारी भीड़ देखी गयी। सुरक्षा की दृष्टि से कई थानों की पुलिस बल एवं पीएसी तथा महिला कांस्टेबल की व्यवस्था की गई थी। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सीसीटीवी  कैमरे से मेले की निगरानी की गई।

Share Now...