वारंटी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत नगर के श्रीरामपुर मोहल्ले में न्यायालय से वांछित चल रहे एक वांरटी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। नगर के श्रीरामपुर मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र स्व. भारत भूषण न्यायालय में चल रहे मारपीट व दहेज अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहा था। मंगलवार की सुबह एसआई वरूणेन्द्र राय, कांस्टेबल महेश कुमार ने घर से गिरफ्तार कर चालान भेज दिया।
वॉलीबाल सहित अन्य खेलों का आयोजन 17 से
जौनपुर धारा, करंजाकला। उ.प्र. स्पोर्ट्स कालेज सोसायटी लखनऊ के अधीन संचालित गुरू गोविन्द सिंह स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ, वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज गोरखपुर एवं मेजर ध्यानचनद स्पोर्ट्स कालेज सैफई जनपद इटावां में सत्र 2023-24 में कक्षा-6 में प्रारम्भिक चयन परीक्षा वाराणसी मण्डल की 17-18 जून को वॉलीबाल एवं बैडमिण्टन (बालक/बालिका वर्ग), क्रिकेट, फुटबाल (केवल बालक वर्ग) एवं जूडो (केवल बालिका वर्ग) 19-20 जून को एथलेटिक्स (केवल बालक वर्ग), हॉकी, जिम्नास्टिक, कुश्ती (बालक/बालिका वर्ग), कबड्डी (केवल बालक वर्ग) एवं तैराकी (केवल बालिका वर्ग) में आयोजित की जायेगी। यह जानकारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने दी है।
क्षेत्र पंचायत की बैठक आज
जौनपुर धारा, मड़ियाहूँ। स्थानीय विकासखंड की क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रधानों की संयुक्त बैठक बुधवार 14 जून को सुबह 10:30 बजे से होगी। क्षेत्र प्रमुख रेखा यादव ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों व प्रधानों से उपस्थित रहने की अपील की है। उक्त जानकारी क्षेत्र प्रमुख रेखा यादव ने दिया है।
राज्य सूचना आयुक्त का आगमन आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। राज्य सूचना आयुक्त उ.प्र. सुभाष चन्द्र सिंह 14 जून को सायं 6 बजे निरीक्षण भवन, लोनिवि पहुचेंगे। 15 जून को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अन्तर्गत जनपद के ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम्य विकास विभाग में लम्बित वादों के शीघ्र निस्तारण हेतु लोनिवि गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक करेंगे। 16 जून को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अन्तर्गत जनपद के खाद्य एवं रसद एवं युवा कल्याण विभाग में लम्बित वादों के शीघ्र निस्तारण हेतु समीक्षा बैठक करेंगे। 17 जून को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अन्तर्गत जनपद के पशुधन एवं रेशम विभाग में लम्बित वादों के शीघ्र निस्तारण हेतु समीक्षा बैठक करेंगे। 18 जून को सायं 5 बजे निरीक्षण भवन, से रात्रि 9 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
टेम्पो से गिरकर युवक घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत एराकियाना स्थित गन्हौरा पुल के समीप टेम्पो सवार युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। खेतासराय थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी 45 वर्षीय राम वचन पुत्र बनवारी मंगलवार की शाम खेतासराय से टेम्पो में सवार होकर शाहगंज आ रहा था। मुख्य मार्ग स्थित गन्हौरा पुल समीप अनियंत्रित होकर टेम्पो से गिरकर युवक घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इलाज हेतु भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
नकली तम्बाकू के साथ एक गिरफ्तार
जौनपुर धारा, बरसठी। पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा के निर्देशन में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी व मादक पदार्थ के विरूद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष गोविन्द देव मिश्रा की टीम ने सतीश सिंह के साथ पवन किराना स्टोर सरसरा के मालिक भगेलू राम पुत्र सरजू राम निवासी कान्हपुर थाना बरसठी जो नकली तम्बाकू को अवैध रूप से बेचने का कारोबार कर रहा है, को नकली तम्बाकू की 1316 पैकेट के साथ गिरफ्तार कर लिया। साथ ही धारा 63/65 कापी राइट एक्ट में पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी। गिरफ्तारी/बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में स0उ0नि0 राजकुमार यादव, का0 सुरेश यादव, का0 ओम प्रकाश यादव शामिल रहे।



