- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला महिला चिकित्सालय में हुआ योगाभ्यास
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला महिला चिकित्सालय में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास कराया गया। अस्पताल के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ ने योग किया और योग से होने वाले फायदे के बारे में जाना। योगाभ्यास के बाद सभी को स्वच्छ पर्यावरण के लिए जागरूक किया गया और अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने की बात पर जोर दिया गया। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डा.तबस्सुम बानो के नेतृत्व में योगाभ्यास हुआ। इस दौरान सीएमएस ने योग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। योगासन, शरीर में ऊर्जा स्तर को बढ़ावा देने के साथ मन को शांत करता है। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए योगासनों का नियमित अभ्यास आपके लिए काफी मददगार हो सकता है। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योगासनों में शारीरिक मुद्राओं, सांस लेने के व्यायाम और ध्यान का संयोजन किया जाता है। डा.सीमा सिंह ने योगाभ्यास की ट्रेनिंग देते हुए बताया कि कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने से लेकर सेहत को बूस्ट देने तक के लिए योगासनों का अभ्यास करना सहायक हो सकता है। डा.सुषमा सिंह ने कहा कि प्राणायाम से लेकर कई तरह की योग मुद्राओं का अभ्यास आपको शारीरिक-मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में मददगार हो सकते हैं। इस अवसर पर डा.शोभना, डा.एमके गुप्ता, साधना, आशीष यादव, सचिन, राकेश पटेल, नीलू बानो, दिव्या, सुशीला यादव, पंकज, अरुण मौर्या आदि उपस्थित रहे।



