मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम हेतु भेजा
मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरायकाशी गांव में किसी बात से क्षुब्ध होकर मायके में आई विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी सुबह लोगो को होते ही घर में कोहराम मच गया।
उक्त गांव निवासी रुची मिश्रा (25)पत्नी अतुल कुमार इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। पिता कुंज बिहारी मिश्रा धार्मिक कार्य हेतु गया (बिहार) गए हुए हैं। बीती रात किसी बात से क्षुब्ध होकर रूचि ने घर में पंखे के सहारे चद्दर से फांसी लगा लिया। इसकी जानकारी घर वालों को सुबह जब हुई तो पुलिस को सूचित किए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर लाश को बाहर निकलवा कर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। गया बिहार गए पिता को घटना की जानकारी होते ही वो गमगीन हो गए। घर में एकमात्र इसकी भाभी मौजूद थी। इसका करीब दो वर्ष पूर्व अतुल मिश्रा निवासी राजापुर रानीगंज प्रतापगढ़ के साथ विवाह हुआ था। इस सम्बन्ध में मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष के के सिंह ने बताया कि परिजनो और ससुराल के लोगों को घटना की जानकारी दे दी गई है। अभी किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मल्हनी विधानसभा से बसपा प्रत्याशी रहे जयप्रकाश दुबे गिरफ्तार
मुंगराबादशाहपुर। विधानसभा चुनाव में मल्हनी से बसपा प्रत्याशी रहे तथा सराय बीका स्थित लॉर्ड बुद्धा नेशनल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक जयप्रकाश दुबे को रविवार की रात प्रयागराज से आई पुलिस टीम ने पंवारा थाना पुलिस के साथ दबिश देकर गिरफ्तार कर प्रयागराज ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रहे जयप्रकाश दुबे सराय बीका स्थित स्कूल के पास अपने आवास में आराम कर रहें थे। देर रात प्रयागराज से आई पुलिस टीम ने पंवारा थाना पुलिस के साथ उनके आवास पर दविश देकर गिरफ्तार कर अपने साथ प्रयागराज ले कर चली गई। जयप्रकाश दुबे की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया तथा लोग कानाफूसी करने में जुट गए। इस सम्बन्ध में पूछे जाने पर पवारा थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार की रात प्रयागराज से आई पुलिस टीम ने सराय बीका निवासी जयप्रकाश दुबे के घर पर दबिश देने हेतु सहयोग मांगा था। जिन्हें पुलिस बल मुहैया कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रयागराज पुलिस ने जयप्रकाश दुबे को किस जुर्म में गिरफ्तार किया है इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि गैर जनपद की पुलिस टीम द्वारा किसी आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना दी जाती है। इस संदर्भ में प्रयागराज पुलिस टीम द्वारा भी सूचना दिया गया था। प्रयागराज पुलिस जयप्रकाश दुबे को किस आरोप में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है। इसे बखूबी प्रयागराज पुलिस ही बता सकती है।
घरेलू कलह से ऊबकर फांसी लगाकर दी जान
जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के सुल्तानपुर ग्राम सभा निवासी आशीष पटेल पुत्र अशोक पटेल 25वर्ष रविवार की रात अपने घर में ही फांसी लगाकर ईहलीला समाप्त कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या की वजह पिता पुत्र के बीच हुए विवाद को बताया जा रहा है, पिता पुत्र दोनों ही रात में शराब के नशे में थे इस दौरान पिता पुत्र में किसी बात को लेकर बहस हो गई। जिसके बाद पिता पुत्र के बीच हूई धक्का मुक्की में मृतक के पिता अशोक के सिर में चोट आ गई। जब अशोक उपचार कराने के लिए डॉक्टर के पास गए उसी समय आशीष पटेल अपने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर पंखे से टिल्लू की पाइप के सहारे लटक कर फांसी लगा लिया। मृतक की माता का भी बहुत पहले देहावसान हो चुका है, मृतक तीन भाइयों में मंझला था। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। इस घटना की सूचना जैसे ही थाना अध्यक्ष सुजानगंज को मिली वैसे ही आनन-फानन में थाना अध्यक्ष सुजानगंज मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव को अपने कब्जे में लेते हुए अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिए।
बिना अनुमति पार्टी पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय सख्त
12 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, सुरक्षा सुपरवाइज़र हटाए जाने की संस्तुति
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने रविवार को परिसर में बिना अनुमति पार्टी आयोजित करने के मामले को गंभीरता से लिया है। इस प्रकरण में विश्वविद्यालय ने 12कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा सुपरवाइज़र को तत्काल हटाने की संस्तुति की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 14सितंबर की रात कुछ कर्मचारियों ने मुक्तांगन परिसर में बिना अनुमति पार्टी/दावत का आयोजन किया। अगली सुबह परिसर में गंदगी पाई गई, जो कर्मचारियों की अनुशासनहीनता मानी गई। इस मामले में कुल 12 कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइज़र पर कार्रवाई की है। नोटिस में कहा गया है कि पार्टी की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन या चीफ प्रॉक्टर को नहीं दी गई। इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें तत्काल हटाने की संस्तुति पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड को भेजी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अनुशासनहीनता और सुरक्षा में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद एवं विधायक खेल महोत्सव 2025 का आयोजन
जौनपुर। जनपद के लोक सभा एवं विधान सभा क्षेत्रों में सांसद एवं विधायक खेल महोत्सव-2025 का आयोजन 21 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक किया जाना निर्धारित है।
महोत्सव में कम से कम 08खेलों, जिनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबाल, भारोत्तोलन, जूडो एवं बैडमिण्टन का आयोजन सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में पुरूष/बालक तथा महिला/बालिका दोनो वर्गो में किया जाना है। उक्त खेलों का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त समन्वय से किया जाना है। सांसद एवं विधायक खेल महोत्सव में प्रतिभाग करने हेतु इच्छुक खिलाड़ियों को अपना पंजीकरण ऑनलाईन युवा साथी पोर्टल पर करना होगा। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 20 सितम्बर है। प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाली टीमों, व्यक्तिगत खेलों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के मानक के अनुसार पुरस्कृत किया जायेगा साथ ही अच्छे खिलाड़ियों का चयन करके उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के साथ ही पुरस्कृत होने के साथ ही प्रमाण पत्र प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
लाठी की पिटाई से अधेड़ की मौत
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में एक युवक की मौत हो गई। राईपुर गांव में 55वर्षीय गजराज पाल की उनके पिता धनजीत पाल और भाई प्रेम पाल ने कथित तौर पर पिटाई कर दी। घटना रविवार की रात की है।
गजराज पाल अपने पिता और भाइयों से अलग रहते थे। जमीन के बंटवारे को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात को किसी बात पर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। मृतक की बहू अनीता देवी के अनुसार, पिता और भाई ने लाठी-डंडों से गजराज की पिटाई की। उन्हें सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घर पर कोई नहीं होने के कारण इलाज में देरी हुई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपी पिता और भाई शव को छिपाने की कोशिश करने लगे। वे शव को मैजिक वाहन में लेकर जा रहे थे, तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने नई बाजार के बॉर्डर पर वाहन को रोका, जहां से चालक भाग निकला। पुलिय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

